मुंबई : आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस का प्रदर्शन लगातार निराशाजनक बना हुआ है। टीम शुरुआती दो मुकाबले हारकर अंक तालिका में निचले पायदान पर पहुंच गई है। इसी बीच टीम के ऑलराउंडर विल जैक्स की गैरमौजूदगी ने मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।
दरअसल विल जैक्स अभी तक टीम से नहीं जुड़े हैं और इन दिनों यूरोप में छुट्टियां मना रहे हैं। उनकी मंगेतर आना ब्रुमवेल ने सोशल मीडिया पर उनकी छुट्टियों की कई तस्वीरें साझा की हैं जिनमें दोनों मोरक्को और पेरिस में घूमते नजर आ रहे हैं। पेरिस में उन्होंने गायक एलेक्स वॉरेन के कॉन्सर्ट का भी आनंद लिया। हालांकि टी-20 विश्व कप के बाद उन्हें अतिरिक्त छुट्टी दी गई थी लेकिन अब तक टीम में वापसी न करने पर सवाल उठने लगे हैं।
विल जैक्स की अनुपस्थिति का असर टीम के संतुलन पर साफ दिख रहा है। पहले मुकाबले में अल्लाह गजनफर को मौका दिया गया लेकिन बाद में उन्हें हटाकर मिचेल सैंटनर को टीम में शामिल किया गया। इसके बावजूद टीम को कोई खास फायदा नहीं हुआ।
हाल ही में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ खेले गए मैच में मुंबई को बड़ी हार झेलनी पड़ी। बारिश से प्रभावित यह मुकाबला 11 ओवर का कर दिया गया था। राजस्थान की ओर से वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल ने तेज शुरुआत करते हुए 30 गेंदों में 80 रन जोड़ दिए। जसप्रीत बुमराह के खिलाफ भी जमकर रन बने और राजस्थान ने 2 विकेट पर 150 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने महज 5 ओवर में 46 रन पर 5 विकेट गंवा दिए। बाद में शेरफेन रदरफोर्ड और नमन धीर ने कुछ हद तक संघर्ष किया लेकिन टीम को 27 रन से हार का सामना करना पड़ा।
इस हार के बाद टीम का नेट रन रेट भी प्रभावित हुआ और वह अंक तालिका में सातवें स्थान पर पहुंच गई। वहीं टीम के खराब प्रदर्शन के बीच विल जैक्स की छुट्टियों की तस्वीरों ने फैंस की नाराजगी और बढ़ा दी है।