कोलकाता : कोलकाता नाइट राइडर्स और लखनऊ सुपर जाइंट्स के बीच खेले गए आईपीएल मुकाबले में एक चौंकाने वाली तस्वीर सामने आई। आमतौर पर दर्शकों से खचाखच भरा रहने वाला ईडन गार्डन्स इस मैच में आधा खाली नजर आया। करीब 68 हजार दर्शकों की क्षमता वाले इस स्टेडियम में बड़ी संख्या में सीटें खाली रहीं जिससे कई सवाल खड़े हो गए हैं।
आईपीएल में आमतौर पर टिकटों को लेकर भारी उत्साह देखा जाता है। लोग लंबी कतारों में लगते हैं और महंगे टिकटों के बावजूद स्टेडियम में पहुंचते हैं लेकिन इस मुकाबले में वैसी भीड़ नहीं दिखी। इससे यह चर्चा शुरू हो गई है कि क्या कोलकाता नाइट राइडर्स की लोकप्रियता में कमी आ रही है।
इस सीजन में केकेआर का प्रदर्शन भी निराशाजनक रहा है। टीम ने अब तक तीन मैच खेले हैं और तीनों में हार का सामना किया है जबकि एक मैच बारिश के कारण रद्द हो गया। बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों ही विभागों में टीम कमजोर नजर आई है। कप्तान के कुछ फैसलों पर भी सवाल उठे हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि खराब प्रदर्शन के कारण दर्शकों की रुचि कम हो रही है।
हालांकि सभी लोग इस तर्क से सहमत नहीं हैं। कुछ प्रशंसकों का कहना है कि अभी केवल चार मैच हुए हैं इसलिए टीम की लोकप्रियता पर सवाल उठाना जल्दबाजी होगी। वे इसके पीछे मौसम को भी एक बड़ा कारण मानते हैं। पिछले कुछ दिनों से कोलकाता में शाम के समय आंधी-तूफान और बारिश का सिलसिला जारी है। इसी वजह से कई लोग स्टेडियम जाने से बचते नजर आए।
सोशल मीडिया पर भी इस मुद्दे को लेकर बहस छिड़ी हुई है। कुछ लोगों ने खाली स्टेडियम की तस्वीरें साझा कर टीम के फैन बेस पर सवाल उठाए जबकि अन्य ने इसे अस्थायी स्थिति बताया।
कुल मिलाकर ईडन गार्डन्स का आधा खाली रहना आईपीएल जैसे बड़े टूर्नामेंट के लिए असामान्य है और इसके पीछे कई कारणों पर चर्चा जारी है।