भोपाल : मध्य प्रदेश के धार जिले में एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आयी है, जहां वैवाहिक विवाद और अवैध संबंधों के कारण पति की हत्या की साजिश रचने का आरोप पत्नी पर लगाया गया है। इस मामले में पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया गया है, पुलिस अब एक कथित सुपारी किलर की तलाश कर रही है।
जानकारी के अनुसार 28 वर्षीय देवकृष्ण पुरोहित की घर में धारदार हथियार से हत्या कर दी गई थी। शुरुआत में पत्नी ने पुलिस को बताया कि यह डकैती का मामला है। उसने दावा किया कि कुछ नकाबपोश लोग घर में घुसे, लूटपाट की और विरोध करने पर उसके पति की हत्या कर दी। इस दौरान लगभग साढ़े तीन लाख रुपये की चोरी की बात भी कही गई।
हालांकि जांच के दौरान पुलिस को परिवार और आसपास के लोगों के बयानों में कई विरोधाभास मिले, जिसके बाद मामला संदिग्ध हो गया। मृतक की बहन ने बताया कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से तनाव था और अक्सर विवाद होते रहते थे।
परिजनों के अनुसार पत्नी अपने पति के रंग-रूप को लेकर भी आपत्तिजनक बातें करती थी और संबंधों में लगातार दरार बढ़ती जा रही थी। इसी दौरान उसका संपर्क एक अन्य युवक से हो गया, जिसके बाद दोनों ने मिलकर पति को रास्ते से हटाने की साजिश रची।
पुलिस जांच में सामने आया कि पत्नी और उसके प्रेमी ने मिलकर एक शूटर को लगभग एक लाख रुपये की सुपारी दी थी, जिसमें 50 हजार रुपये एडवांस दिए गए थे। योजना के अनुसार घटना वाली रात घर का दरवाजा खुला रखा गया और कथित रूप से कीमती सामान पहले ही हटा दिया गया था।
इसके बाद सुपारी किलर ने घर में घुसकर पति की हत्या कर दी। शुरुआत में इसे डकैती का रूप देने की कोशिश की गई, लेकिन बार-बार बयान बदलने और कॉल रिकॉर्ड व सबूतों की जांच के बाद सच्चाई सामने आ गई।
पुलिस अधिकारियों ने पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार पता चला कि मुख्य आरोपी शूटर अभी भी फरार है। मामले की जांच जारी है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।