कोलकाता : आईपीएल में लखनऊ सुपर जाइंट्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच खेले गए रोमांचक मुकाबले में युवा बल्लेबाज मुकुल चौधरी ने शानदार प्रदर्शन कर टीम को जीत दिलाई। मुश्किल हालात में उनकी निडर बल्लेबाजी ने मैच का रुख बदल दिया।
182 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए लखनऊ की टीम एक समय हार के करीब दिख रही थी। ऐसे में क्रीज पर उतरे मुकुल चौधरी ने धैर्य और समझदारी से खेलते हुए पारी को संभाला। उन्होंने न केवल विकेट बचाया बल्कि सही समय पर आक्रामक शॉट खेलकर टीम को जीत की ओर बढ़ाया। मैच के अंत तक उन्होंने अपनी जिम्मेदारी निभाई और टीम को जीत दिलाकर ही दम लिया।
मैच के बाद मुकुल ने अपनी इस शानदार पारी का श्रेय टीम के कप्तान ऋषभ पंत को दिया। उन्होंने बताया कि मैच से पहले पंत से हुई छोटी-सी बातचीत ने उनके खेलने के तरीके को बदल दिया।
मुकुल ने कहा कि पहले मैं जल्दीबाजी कर देता था लेकिन पिछले कुछ महीनों से मैंने अपने खेल में सुधार करने की कोशिश की है। अब मैं क्रीज पर ज्यादा समय बिताने और अंत तक खेलने पर ध्यान देता हूं। उन्होंने आगे बताया कि पिछले मैच के बाद वह अपनी टाइमिंग को लेकर परेशान थे तब पंत ने उन्हें ज्यादा सोचने से बचने और अपने स्वाभाविक खेल पर भरोसा रखने की सलाह दी।
मुकुल के अनुसार पंत की इस सलाह ने उनके आत्मविश्वास को बढ़ाया और उन्हें खुलकर खेलने में मदद मिली। मैच के 17वें ओवर से उन्होंने आक्रमण शुरू किया और लगातार बड़े शॉट लगाए। वैभव अरोड़ा और कार्तिक त्यागी के खिलाफ छक्के लगाकर उन्होंने दबाव कम किया।
19वें ओवर में कैमरून ग्रीन के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी करते हुए दो छक्के और एक चौका लगाया जिससे मैच पूरी तरह लखनऊ के पक्ष में आ गया। अंतिम ओवर में भी उन्होंने शांत दिमाग से खेलते हुए दो छक्के लगाकर जीत पक्की कर दी।
मुकुल की इस बेहतरीन पारी के लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। उनकी यह पारी दिखाती है कि सही मार्गदर्शन और आत्मविश्वास से कोई भी खिलाड़ी बड़े मैच में चमक सकता है।