अमेरिका से दो हफ्ते के सीजफायर के दौरान होर्मुज को जहाजों के लिए बंद कर दिया गया है। लेबनान पर जारी इजरायली हमलों के बीच ईरान ने यह सख्त कदम उठाया है। सिर्फ भारत जैसे मित्र देशों को ही दूसरे रूट से जहाज ले जाने की अनुमति है। अब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को चेतावनी दी है। वजह है जहाजों स वसूले जाने वाला टोल। ट्रंप ने अपने ट्रुथ सोशल' पर पोस्ट कर ईरान को चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसी खबरें हैं कि ईरान स्ट्रेट ऑफ होर्मुज़ से गुज़रने वाले टैंकरों से शुल्क वसूल रहा है। उसे ऐसा बिल्कुल नहीं करना चाहिए, और अगर वह ऐसा कर रहा है तो उसे इसे अभी के अभी रोक देना चाहिए।
कुछ मीडिया रिपोर्टों में कहा गया है कि तेहरान होर्मुज से गुजरने की अनुमति देने के लिए कुछ जहाजों से पहले 20 लाख डॉलर का टोल वसूल रहा था। ईरान अब होर्मुज से गुजरने वाले तेल टैंकरों से प्रति जहाज 15 लाख डॉलर तक वसूल सकता है। इस तरह से वह अकेले कच्चे तेल टैंकरों से हर महीने 4.5 अरब डॉलर की कमाई कर सकता है। इसका सीधा असर कच्चे तेल की कीमतों पर पड़ेगा।
1 बैरल तेल पर 1 डॉलर का टोल
बता दें कि अमेरिका और ईरान के बीच दो हफ्तों के अस्थायी सीजफायर के बाद ईरान होर्मुज स्ट्रेट को खोलने पर राजी हो गया था। खबर ये भी थी कि होर्मुज से गुजरने वाले हर जहाज से ईरान क्रिप्टोकरंसी में 'टोल' वसूलेगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक, 1 बैरल तेल पर 1 डॉलर का टोल वसूलने की तैयारी थी लेकिन लेबनान पर हमलों के बीच ईरान ने होर्मुज को फिर से बंद कर दिया है। सिर्फभारत जैसे मित्र देशों के जहाजों के लिए दूसरा रूट खुला हुआ है।
टैक्स वसूलना बंद कर दो ईरान
ऐसे समय में जब ईरान के साथ शांति वार्ता होने जा रही है डोनाल्ड ट्रंप ने टोल वसूले जाने को लेकर तेहरान को खुली चेतावनी दी है। ट्रंप कह रहे हैं कि उनको पता चला कि तेहरान होर्मुज से जहाजों को गुजरने देने के लिए टैक्स वसूल रहा है। ये गलत है। अगर वह ऐसा कर भी रहा है तो इसे तुरंत बंद कर दे।