कोलकाता : आईपीएल 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स और पंजाब किंग्स के बीच खेला गया मुकाबला भले ही बारिश के कारण रद्द हो गया हो लेकिन इसके बाद सोशल मीडिया पर एक अलग विवाद खड़ा हो गया। यह विवाद पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर की बहन श्रेष्ठा अय्यर के एक वीडियो पोस्ट से जुड़ा है।
दरअसल 6 अप्रैल को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले जाने वाला यह मैच बारिश के कारण पूरा नहीं हो सका। मैच रद्द होने के बाद दोनों टीमों को एक-एक अंक दे दिया गया। इसके तुरंत बाद श्रेष्ठा अय्यर ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया जिसमें उन्होंने मजाकिया अंदाज में कोलकाता नाइट राइडर्स पर तंज कसा। वीडियो में उन्होंने कहा कि पंजाबियों का दिल बड़ा होता है इसलिए हमने एक पॉइंट दे दिया।
हालांकि कई क्रिकेट प्रशंसकों ने इसे हल्के-फुल्के मजाक के रूप में लिया लेकिन केकेआर के कुछ समर्थकों को यह टिप्पणी पसंद नहीं आई। इसके बाद सोशल मीडिया पर श्रेस्ता को ट्रोल किया जाने लगा। कुछ यूजर्स ने आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं और यहां तक कि उन्हें धमकियां मिलने की भी बात सामने आई।
बढ़ते विवाद को देखते हुए श्रेस्ता अय्यर को अंततः बड़ा कदम उठाना पड़ा। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक बयान जारी करते हुए वीडियो को हटाने का फैसला किया। उन्होंने साफ कहा कि यह वीडियो सिर्फ मजाक के तौर पर बनाया गया था किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का कोई इरादा नहीं था लेकिन इसे गलत तरीके से समझा गया।
अपने बयान में उन्होंने यह भी कहा कि वह यह वीडियो इसलिए हटा रही हैं क्योंकि इससे नकारात्मक माहौल बन रहा था। उन्होंने यह स्पष्ट किया कि उन्होंने कोई गलती नहीं की है बल्कि अपने भाई और उनकी टीम के सम्मान को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया है।
इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर यह दिखा दिया कि सोशल मीडिया पर की गई छोटी-सी बात भी कभी-कभी बड़ा विवाद बन सकती है।