कोलकाता : लखनऊ सुपर जाइंट्स ने एक रोमांचक मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स को आखिरी गेंद पर हराकर शानदार जीत दर्ज की लेकिन इस जीत के तुरंत बाद टीम को बड़ा झटका लगा है। टीम के स्टार स्पिनर वानिंदु हसरंगा चोट के कारण पूरे आईपीएल से बाहर हो गए हैं।
मैच के दौरान ही एलएसजी के क्रिकेट निदेशक टॉम मूडी ने इस बात की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि टीम ने हसरंगा की फिटनेस को लेकर काफी समय तक इंतजार किया लेकिन अब उनकी वापसी संभव नहीं है। ऐसे में फ्रेंचाइजी ने उन्हें टूर्नामेंट से बाहर करने का फैसला लिया है। उन्होंने यह भी कहा कि अगले 24 से 48 घंटे के भीतर उनके विकल्प की घोषणा कर दी जाएगी।
दरअसल हसरंगा को टी-20 विश्व कप के पहले मैच में हैमस्ट्रिंग की चोट लगी थी। इसके बाद से वह मैदान से बाहर चल रहे हैं। चोट से उबरने के बावजूद वह श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड की फिटनेस परीक्षा पास नहीं कर सके जिसके चलते उन्हें खेलने के लिए एनओसी नहीं मिल पाया।
रिपोर्ट्स के मुताबिक दक्षिण अफ्रीका के ऑलराउंडर जॉर्ज लिंडे को हसरंगा के विकल्प के तौर पर टीम में शामिल किया जा सकता है। हालांकि उन्होंने अभी तक आईपीएल में डेब्यू नहीं किया है लेकिन दुनिया की कई टी-20 लीग में खेलने का अनुभव रखते हैं। उन्होंने SA20, द हंड्रेड, मेजर लीग क्रिकेट और पीएसएल जैसे टूर्नामेंट में हिस्सा लिया है।
लिंडे का अनुभव एलएसजी के लिए फायदेमंद साबित हो सकता है। वह गेंदबाजी के साथ-साथ निचले क्रम में बल्लेबाजी भी कर सकते हैं। उनके नाम 250 से ज्यादा टी-20 मैचों का अनुभव है जिसमें उन्होंने 218 विकेट लिए हैं।
गौरतलब है कि यह पहली बार नहीं है जब हसरंगा चोट के कारण आईपीएल से बाहर हुए हैं। इससे पहले भी वह चोट की वजह से कई सीजन मिस कर चुके हैं। 2023 में उनके पैर की दो बार सर्जरी हुई थी और उसी साल वह विश्व कप में भी हिस्सा नहीं ले सके थे।
कुल मिलाकर केकेआर के खिलाफ जीत के बाद एलएसजी को यह झटका टीम के संतुलन पर असर डाल सकता है।