नई दिल्ली : भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी एक बार फिर अपनी घातक गेंदबाजी से चर्चा में हैं। 36 साल की उम्र में भी वह नई गेंद से बल्लेबाजों के लिए मुश्किलें खड़ी कर रहे हैं और आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन कर यह साबित कर रहे हैं कि उनकी धार अब भी कम नहीं हुई है।
इस सीजन में लखनऊ सुपर जायंट्स की ओर से खेलते हुए शमी अपनी खोई हुई जगह वापस पाने की कोशिश में लगे हैं। पिछले करीब 14 महीनों से भारतीय टीम से बाहर चल रहे इस अनुभवी खिलाड़ी के लिए यह टूर्नामेंट वापसी का बड़ा मंच बन गया है।
हालांकि शमी ने अब तक सिर्फ 3 विकेट ही लिए हैं लेकिन उनकी गेंदबाजी का असर आंकड़ों से कहीं ज्यादा दिख रहा है। उन्होंने 3 मैचों में 12 ओवर में 72 गेंदों में से 39 गेंदें डॉट फेंकी हैं और उनका इकॉनमी रेट 5.33 रहा है। उन्होंने केएल राहुल, अभिषेक शर्मा और ट्रैविस हेड जैसे खतरनाक बल्लेबाजों को जल्दी आउट कर अपनी उपयोगिता साबित की है।
आईपीएल से पहले भी शमी ने घरेलू क्रिकेट में बेहतरीन प्रदर्शन किया था। रणजी ट्रॉफी में 7 मैचों में 37 विकेट लेकर उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया। वहीं विजय हजारे ट्रॉफी और सैयद मुश्ताक अली टी-20 प्रतियोगिता में भी उन्होंने लगातार अच्छा खेल दिखाया।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या इस प्रदर्शन के बाद चयनकर्ता अजीत अगरकर और टीम से जुड़े गौतम गंभीर उन्हें फिर से भारतीय टीम में मौका देंगे या नहीं।
फिलहाल मोहम्मद शमी अपने हर मैच में यह साबित करने की कोशिश कर रहे हैं कि उनका करियर अभी खत्म नहीं हुआ है और वह एक बार फिर भारतीय टीम में वापसी के लिए पूरी तरह तैयार हैं।