केदारनाथ धाम तक के लिए हेली सेवा का बढ़ सकता है किराया, जानिए कितना और कब से?

पिछले कुछ समय से केदार घाटी में खराब मौसम के चलते हेली सेवाओं को अस्थायी रूप से बंद रखा गया था। अब जल्द ही इन्हें फिर से शुरू किया जाने वाला है।

By Moumita Bhattacharya

Sep 25, 2025 18:59 IST

जिन तीर्थ यात्रियों और बुजुर्गों को केदारनाथ धाम (Kedarnath Dham) की चढ़ाई करने में मुश्किलें आती हैं, ऐसे यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने हेलीकॉप्टर सेवाओं की शुरुआत की थी। हालांकि पिछले कुछ समय से केदार घाटी में खराब मौसम के चलते हेली सेवाओं को अस्थायी रूप से बंद रखा गया था। अब जल्द ही इन्हें फिर से शुरू किया जाने वाला है। लेकिन तीर्थ यात्रियों को अब पहले के मुकाबले हेली सेवाओं का लाभ उठाने के लिए अपने पॉकेट से अधिक रुपया खर्च करना पड़ेगा।

कितना बढ़ेगा किराया?

मीडिया रिपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार मई और जून के महीने में उत्तराखंड में 4 हेलीकॉप्टर दुर्घटनाओं का मामला सामने आया था। इसके बाद पूरे मानसून सीजन के लिए ही केदारनाथ धाम के लिए हेलीकॉप्टर सेवाओं को बंद रखने का फैसला लिया गया था। अब जल्द ही इसे फिर से शुरू किया जा सकता है।

लेकिन उत्तराखंड सीविल एविएशन डेवलपमेंट अथॉरिटी (यूसीएडीए) ने किराया बढ़ाने पर अपनी अनुमति दे दी है। बताया जाता है कि अब पहले के मुकाबले केदारनाथ धाम तक पहुंचने के लिए तीर्थ यात्रियों को 31% से 40% तक बढ़ा हुआ किराया चुकाना पड़ेगा।

कितना चुकाना पड़ेगा नया किराया?

जानकारी के अनुसार गुप्तकाशी से केदारनाथ तक राउंड ट्रिप के लिए पहले जहां ₹8,500 किराया होता था, वह अब बढ़कर ₹12,444 हो जाएगा। वहीं सिरसी से केदारनाथ की राउंड ट्रिप का किराया पहले ₹6,500 होता था जो अब बढ़कर ₹8,900 होगा। फाटा से केदारनाथ के लिए हेली सेवाओं का पुराना किराया भी ₹6,500 था जो अब बढ़कर ₹8,900 हो जाएगा।

यानी गुप्तकाशी से केदारनाथ तक के हेली सेवाओं का किराया लगभग 40% और सिरसी व फाटा से केदारनाथ धाम का किराया क्रमशः 37% और 31% बढ़ेगा।

बताया जाता है कि डीजीसीए से अनुमति मिलने के बाद 15 सितंबर से केदारनाथ धाम के लिए हेली सेवाओं को फिर से शुरू करने की योजना बनायी गयी है। तीर्थ यात्री 10 सितंबर से आईआरसीटीसी के आधिकारिक पोर्टल से हेलीकॉप्टर के लिए ऑनलाइन टिकट बुक कर सकेंगे।

Prev Article
दिल्ली और एनसीआर के मेट्रो यात्रियों के लिए खुशखबरी, एक ही क्यूआर टिकट से कर सकेंगे सफर
Next Article
पहली चीता सफारी कुनो नेशनल पार्क में हुई शुरू, जानिए कितना होगा खर्चा?

Articles you may like: