मुरादाबाद: तीन दिनों से लापता एक युवक-युवती का शव मुरादाबाद में एक खेत से बरामद हुआ है। पुलिस के अनुसार यह मामला संदिग्ध ऑनर किलिंग का है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) सतपाल अंतिल ने बताया कि काजल, जो एक छात्रा थी और एक निजी स्कूल में पढ़ाती भी थी और उसके साथी अरमान (दोनों की उम्र 20 के आसपास) के शव बुधवार रात गगन नदी के किनारे नीम करौली बाबा मंदिर के पास एक गड्ढे से निकाले गए। उन्होंने बताया कि दोनों पिछले लगभग दो वर्षों से प्रेम संबंध में थे। यह घटना 18 जनवरी की रात की है, जब उमरी सब्जीपुर गांव में युवती के घर पर उसके परिवार के सदस्यों ने दोनों को एक साथ देख लिया।
एसएसपी ने कहा कि जांच के दौरान शक युवती के परिवार के सदस्यों पर गया। लगातार पूछताछ के बाद काजल के भाइयों ने गुस्से में आकर काजल और अरमान की हत्या करने और सबूत मिटाने के लिए शवों को खेत में दफनाने की बात कबूल की। उन्होंने बताया कि दो भाइयों को हिरासत में लिया गया है, जबकि तीसरे भाई की संभावित भूमिका की भी जांच की जा रही है। अरमान के पिता की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पीटीआई की रिपोर्ट की बरामदगी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में की गई। पीड़ित अलग-अलग समुदायों से थे, जिसके चलते मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल और पीएसी तैनात की गई। पुलिस ने बताया दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की आगे जांच जारी है।