🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

कर्ज के बोझ में शिक्षक बना डकैत! मोदी के केंद्र में बंदूक दिखाकर बोला- ‘भाई, 10 हजार दे दो’

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि शिक्षक के पास हथियार कहां से आया।

By डॉ. अभिज्ञात

May 11, 2026 01:31 IST

वाराणसीः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां कर्ज के भारी दबाव में एक निजी स्कूल के शिक्षक ने लूटपाट का रास्ता अपना लिया। घटना वाराणसी के काजी सराय इलाके की है, जहां एक कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) संचालक को बंदूक दिखाकर मात्र 10 हजार रुपये की मांग की गई। इस घटना ने आर्थिक संकट और मानसिक दबाव के खतरनाक असर को उजागर कर दिया है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त का नाम गौतम पटेल है। वह भरतपुर क्षेत्र के एक निजी स्कूल में शिक्षक के रूप में कार्यरत था। स्थानीय लोगों का कहना है कि गौतम लंबे समय से भारी कर्ज में डूबा हुआ था और ईएमआई चुकाने का दबाव लगातार बढ़ता जा रहा था। इसी तनाव में उसने अपराध का रास्ता चुन लिया। शनिवार शाम गौतम हेलमेट पहनकर काजी सराय स्थित एक कॉमन सर्विस सेंटर में पहुंचा। सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि वह काउंटर के सामने खड़ा होता है और अचानक केंद्र संचालक जावेद अली की ओर पिस्तौल तान देता है।

फुटेज में यह भी देखा गया कि अभियुक्त किसी पेशेवर अपराधी की तरह आक्रामक नहीं था, बल्कि बेहद शांत स्वर में पैसे मांग रहा था। उसने जावेद अली से कहा, “भाई, पैसे दे दो। बहुत कर्ज हो गया है। सिर्फ 10 हजार रुपये दे दो।” उसकी आवाज और व्यवहार में धमकी से ज्यादा बेबसी नजर आ रही थी। मामले को देखने वाले लोगों और विशेषज्ञों का मानना है कि गहरे आर्थिक संकट और मानसिक तनाव ने एक शिक्षक को इस तरह का कदम उठाने के लिए मजबूर कर दिया। हालांकि हथियार लेकर किसी सेवा केंद्र में पहुंचना और पैसे मांगना गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है।

घटना के दौरान कॉमन सर्विस सेंटर के मालिक जावेद अली ने सूझबूझ का परिचय दिया। उन्होंने तुरंत अलार्म बजा दिया। खतरा भांपते ही गौतम वहां से भागने लगा लेकिन जावेद अली और आसपास मौजूद लोगों ने उसका पीछा किया और पकड़ लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक अभियुक्त को पुलिस के हवाले करने से पहले गुस्साई भीड़ ने उसकी पिटाई भी की। बाद में बड़ा गांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और अभियुक्त को हिरासत में ले लिया।

पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान गौतम पटेल ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। हालांकि जांच एजेंसियों के सामने अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि एक स्कूल शिक्षक के पास पिस्तौल कहां से आई। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि हथियार लाइसेंसी था या अवैध तरीके से हासिल किया गया था। मामले में आगे की जांच जारी है।

Articles you may like: