शादी के सिर्फ 2 दिन बाद डीआरडीओ (DRDO) के एक वैज्ञानिक की रहस्यमय मौत। उन्हें राजस्थान के अलवर के घर में मृत पाया गया। उनका नाम आदित्य वर्मा था। समाचार एजेंसी के सूत्रों के अनुसार वह डीआरडीओ में जॉइंट डायरेक्टर के पद पर कार्यरत थे।
वह डीआरडीओ के मैसूर ऑफिस में काम करते थे। उनकी शादी 25 नवंबर को हुई थी। 27 नवंबर की सुबह उन्हें घर में ही बाथरूम में बेहोश अवस्था में पाया गया। परिवार के लोग उन्हें तुरंत अस्पताल ले गए। वहीं उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। सूत्रों के अनुसार आदित्य डीआरडीओ के फूड रिसर्च लेबोरेटरी में काम करते थे। उन्होंने सिर्फ 2 महीने पहले ही उस पद पर कार्यभार संभाला था।
समाचार एजेंसी के सूत्रों के अनुसार आदित्य के परिवार ने बताया कि 27 नवंबर की सुबह साढ़े पांच बजे के करीब वह शौचालय में गए थे। आधे घंटे बीत जाने के बाद भी वह बाहर नहीं आए। देर होने पर उनकी मां ने दरवाजे पर दस्तक देना शुरू किया। कोई आवाज़ न सुनकर घर के लोगों ने शौचालय का दरवाजा तोड़ दिया। फिर देखा गया कि आदित्य बेहोशी की हालत में शौचालय की फर्श पर पड़े हुए हैं। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाने पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। मृतक के पिता का कहना है कि 25 नवंबर को शादी के बाद 26 नवंबर को आदित्य और उनकी पत्नी घर लौटे थे। इसके बाद 27 नवंबर को यह घटना हुई।
फिलहाल आदित्य के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। हालांकि अब तक बेटे की मौत के मामले में आदित्य के माता-पिता ने पुलिस के पास किसी के खिलाफ शिकायत दर्ज नहीं कराई है।