जयपुर: हत्या के मामलों में आजीवन कारावास की सजा पाए प्रिया सेठ उर्फ नेहा सेठ और हनुमान प्रसाद के बीच जेल में रहते हुए प्रेम संबंध पनपा। अब दोनों शादी करने जा रहे हैं और इसके लिए राजस्थान हाईकोर्ट ने पैरोल पर रिहाई की अनुमति दी है।
मीडिया सूत्रों के अनुसार, दोनों को 15 दिनों की पैरोल दी गई है। प्रिया और हनुमान अलग-अलग हत्या मामलों में दोषी पाए गए थे और वर्तमान में जयपुर की सांगानेर जेल के मुक्त (ओपन) कारागार में बंद हैं। जेल में रहते हुए दोनों के बीच संबंध विकसित हुए और उन्होंने शादी करने का फैसला किया। शादी अलवर जिले के बरोदा मेव इलाके में होगी।
जानकारी के अनुसार, प्रिया ने पाली जिले के फालना इलाके के निवासी दुष्यंत शर्मा से डेटिंग ऐप के जरिए संपर्क किया। 2018 में उसने दुष्यंत को बजाज नगर स्थित फ्लैट में बुलाया और अपने परिवार के साथ मिलकर उससे बड़ी रकम की मांग की। पैसे मिलने के बाद प्रिया और उसके सहयोगियों ने दुष्यंत की हत्या कर दी और शव को सूटकेस में डालकर फेंक दिया। हत्या के समय प्रिया के साथ उसका पूर्व प्रेमी और एक अन्य सहयोगी भी मौजूद था। प्रिया इससे पहले भी प्रेमजाल में फंसाकर कई लोगों से पैसे ऐंठ चुकी थी।
इसी तरह, हनुमान प्रसाद को भी हत्या के एक मामले में आजीवन कारावास की सजा दी गई थी। दोनों इस समय खुले कारागार में रह रहे हैं और वहीं रहते हुए एक-दूसरे के करीब आए। शादी के बाद उन्हें पुनः उसी मुक्त कारागार में लौटना होगा।