🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

सीकर में 40 लोगों से भरी टाटा खाई में गिरी, जीणमाता से हर्ष भैरव जा रहे थे सभी श्रद्धालु

राजस्थान में सीकर के हर्ष पर्वत पर श्रद्धालुओं से भरी टाटा 407 गाड़ी खाई में गिर गई। जीणमाता से हर्ष भैरव जा रहे यात्रियों में एक गंभीर घायल हुआ जबकि एक दर्जन से अधिक लोगों को हल्की चोटें आईं।

By लखन भारती

Jan 30, 2026 19:13 IST

जयपुरः राजस्थान के सीकर जिले में हर्ष पर्वत पर शुक्रवार को एक बार फिर सड़क हादसा होते होते टल गया। श्रद्धालुओं से भरी टाटा 407 गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में गिर गई। हादसे में गाड़ी सवार एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया जबकि एक दर्जन से ज्यादा लोगों को हल्की चोटें आई हैं। जानकारी के अनुसार टाटा 407 गाड़ी में करीब 40 श्रद्धालु सवार थे। सभी श्रद्धालु हरियाणा के फतेहाबाद जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं। ये सभी लोग पहले जीणमाताजी के दर्शन करने पहुंचे थे और दर्शन के बाद हर्ष भैरव मंदिर जा रहे थे। हादसा उस समय हुआ जब गाड़ी हर्ष पर्वत की चढ़ाई पर आगे बढ़ रही थी। इसी दौरान सामने से एक अन्य वाहन आ गया। अचानक संतुलन बिगड़ने से टाटा 407 अनियंत्रित हो गई और सड़क से नीचे खाई में जा गिरी। गाड़ी के पलटते ही अंदर सवार श्रद्धालुओं में चीख पुकार मच गई। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत घायलों को बाहर निकाला और पुलिस व 108 एंबुलेंस को सूचना दी। कुछ ही देर में एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को सीकर के एसके अस्पताल पहुंचाया गया। इस हादसे में मनजीत नामक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है। अन्य श्रद्धालुओं को हल्की चोटें आई हैं। सभी घायलों का एसके अस्पताल में इलाज जारी है और चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि हर्ष पर्वत की सड़क पर पहले भी कई बार हादसे हो चुके हैं। संकरी सड़क और तीखी चढ़ाई के कारण यहां हमेशा खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने बताया कि गनीमत रही कि गाड़ी ज्यादा नीचे नहीं गिरी वरना बड़ा हादसा हो सकता था। ग्रामीणों ने एक बार फिर हर्ष गांव में पीएससी और स्थायी एंबुलेंस की मांग उठाई है। उनका कहना है कि वर्षों से मांग के बावजूद अब तक चिकित्सा सुविधाओं को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।

Prev Article
राजस्थान में बुखार का इंजेक्शन लगते ही साध्वी हुई बेहोश, मौत
Next Article
श्मशान की जमीन पर बनेगा बीजेपी कार्यालय ? राजस्थान विधानसभा में कांग्रेस विधायक ने लहराया विज्ञापन

Articles you may like: