🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

पाकिस्तान से आया फ्रॉड कॉल तो उसी से कर ली ठगी की डील, नेटवर्क बनाकर अपने ही लोगों को बनाने लगा निशाना

राजस्थान के हनुमानगढ़ की साइबर पुलिस ने एक ऐसे आरोपी को पकड़ा है जो पाकिस्तान से फ्रॉड कॉल करनेवालों के साथ मिलकर साधारण लोगों को ठग रहा था।

By लखन भारती

Feb 03, 2026 18:02 IST

जयपुरः राजस्थान के हनुमानगढ़ में पुलिस ने एक अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी नेटवर्क के लिए काम करनेवाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। हनुमानगढ़ के निकटवर्ती गांव डबलीराठान का निवासी हरदीप सिंह ने पाकिस्तान के साइबर अपराधियों के साथ डील कर ली थी और उनके साथ मिलकर उसने करोड़ों रुपए की ठगी कर डाली थी। इस मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई है कि हरदीप सिंह ने बड़ी चालाकी से फ्रॉड कॉल करनेवाले से ही सांठ-गांठ कर ली थी।

पाकिस्तान से आए एक फ्रॉड कॉल के बाद करने लगा ठगी

करीब दो साल पहले आरोपित हरदीप के पास पाकिस्तान के नंबर से फ्रॉड कॉल आया था। कॉल के दौरान आरोपित हरदीप को पता चल गया कि यह एक फ्रॉड कॉल है लेकिन, इसके बावजूद उसने कॉलर से लंबी बातचीत की। इसके बाद उसने साइबर ठगी में शामिल होने के लिए एक योजना बनाई। उस कॉल के बाद वह उस पाकिस्तानी फ्रॉड हैंडलर से काफी समय बातचीत करता रहा। फिर उसने पाकिस्तानी हैंडलर के साथ मिलकर नए सिरे से लोगों को ठगने का काम शुरू किया।

साइबर थाना पुलिस के अनुसार “ऑपरेशन साइबर क्लीन” के तहत की गई जांच में सामने आया कि हरदीप सिंह लोगों से किराए पर बैंक खाते लेकर साइबर धोखाधड़ी करता था। इन बैंक खातों में अब तक 3 करोड़ 26 लाख रुपये का संदिग्ध लेन-देन सामने आया है।

मजदूरों को बनाता था निशाना

पाकिस्तानी हैंडलर की मदद से वह भोले-भाले लोगों को अलग अलग स्कीम दे कर ठगता था। वह अपने ही गांव के भोले भाले मजदूर वर्ग के लोगों को खुद का खाता बंद बता कर छोटे मोटे लालच में फांस लेता था। अशिक्षित और जानकारी के अभाव में भरोसा कर लोग इसके चंगुल में फंस कर अपना खाता इस्तेमाल के लिए दे देते थे। गांव के ऐसे ठगी के शिकार हुए लोगों की संख्या 100 से ज्यादा हो सकती है।

ऑनलाइन पैसे में से 10 से 20 प्रतिशत कमीशन काट कर वह बाकी पैसे को अंतरराष्ट्रीय मुद्रा में बदल कर पाकिस्तानी हैंडलर को भेज देता था। हरदीप ने पाकिस्तानी हैंडलर्स को भारतीय बैंक खातों के अलावा सोशल मीडिया के लिए भारतीय मोबाइल नंबर भी उपलब्ध करवाए थे। पुलिस की प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ कि आरोपित हरदीप से जुड़े बैंक खातों पर देश के 14 राज्यों से कुल 36 साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज हैं। इनमें से एक खाता धारक राजपाल सिंह द्वारा साइबर थाने में मामला दर्ज करावाया गया था।

Prev Article
क्या मोबाइल में छिपा है साध्वी की मौत का राज ? पुलिस ने फोन का मांगा पासवर्ड, पिता ने किया इनकार
Next Article
श्मशान की जमीन पर बनेगा बीजेपी कार्यालय ? राजस्थान विधानसभा में कांग्रेस विधायक ने लहराया विज्ञापन

Articles you may like: