हैदराबाद: तेलंगाना की एक रासायनिक फैक्ट्री में शनिवार तड़के जोरदार विस्फोट हुआ। यह हादसा यादाद्रि भुवनगिरि ज़िले के चौटुप्पल इलाके में स्थित ब्रुंदावन फार्मा कारखाने में हुआ। घटना में कम से कम 6 लोग घायल हुए हैं। सरकारी सूत्रों के अनुसार, फैक्ट्री की दो भट्टियां अचानक तेज धमाके के साथ फट गईं। विस्फोट की आवाज से पूरा इलाका दहल उठा। स्थानीय लोग घरों से बाहर निकल आए और देखा कि फैक्ट्री में भीषण आग लगी हुई है। तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी गई।
विस्फोट की खबर मिलते ही चौटुप्पल के डीएसपी मधुसूदन रेड्डी दमकल कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस के मुताबिक, हादसे के समय फैक्ट्री में दो सुरक्षा गार्ड सहित कुल 11 कर्मचारी मौजूद थे। इनमें से छह को घायल अवस्था में बाहर निकाला गया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। विस्फोट के बाद आग तेजी से पूरे कारखाने में फैल गई। दमकल विभाग ने कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया हालांकि अभी भी कुछ स्थानों पर आग सुलग रही है चूंकि यह रासायनिक फैक्ट्री है इसलिए वहां बड़ी मात्रा में ज्वलनशील पदार्थ मौजूद थे। भट्टियों में विस्फोट कैसे हुआ, इसकी जांच की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष जून में संगारेड्डी जिला के सिगाची केमिकल्स कारखाने में भी भीषण विस्फोट हुआ था, जिसमें 36 श्रमिकों की मौत हुई थी और 36 अन्य घायल हुए थे।