भोपाल: शादी के कार्यक्रम में चली गोली से एक नाबालिग की मौत हो गई। मृतक ही परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। यह घटना मध्य प्रदेश के सागर जिले की है। घटना के बाद मृतक के परिजन और स्थानीय लोगों ने इलाके में विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, मृतक का नाम विवेक 15 वर्ष था। वह शादी और अन्य कार्यक्रमों में बैंड बजाने का काम करता था। गुरुवार को भी वह एक शादी समारोह में बैंड बजाने गया था। उसी दौरान पास की एक शराब की दुकान के सामने गोली चली। जब सोनी परिवार के लोग शादी हॉल में प्रवेश कर रहे थे, तभी फायरिंग हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शादी में आए एक युवक ने अचानक अपनी पिस्तौल से गोली चला दी।
गोली सीधे विवेक के सीने में लगी और वह तुरंत खून से लथपथ होकर गिर पड़ा। शुरुआत में लोगों को लगा कि पटाखे जलाए जा रहे हैं लेकिन जब विवेक को जमीन पर गिरा देखा गया तो मेहमानों में अफरा-तफरी मच गई और लोग चीखने लगे। उसे बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों और स्थानीय लोगों ने अस्पताल और थाने के बाहर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर जांच शुरू की है। एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। शादी समारोह के ड्रोन और इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। इकलौते कमाने वाले बेटे की मौत से परिवार सदमे में है। माता-पिता समझ नहीं पा रहे हैं कि अब घर कैसे चलेगा। प्रशासन की ओर से परिवार को फिलहाल 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी गई है।