🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

मुंबई में मेट्रो के पिलर का कंक्रीट हिस्सा गिरने से मौत, ठेकेदार पर 6 करोड़ का जुर्माना, 5 गिरफ्तार

प्रोजेक्ट डायरेक्टर सहित ठेकेदार के पांच कर्मचारियों को गिरफ्तार किया गया

By तुहीना मंडल, Posed by रजनीश प्रसाद

Feb 15, 2026 12:42 IST

मुंबई : मुंबई के मुलुंड में शनिवार को मेट्रो के निर्माणाधीन पिलर का एक हिस्सा गिर गया। मेट्रो के पिलर का एक बड़ा कंक्रीट का टुकड़ा आकर ऑटोरिक्शा पर गिरा। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। अब इस घटना में एक एग्जीक्यूटिव इंजीनियर को निलंबित करने का फैसला लिया है महाराष्ट्र सरकार ने। साथ ही निर्माण की जिम्मेदारी संभाल रहे ठेकेदार और कंसल्टेंट्स पर छह करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया गया है। प्रोजेक्ट डायरेक्टर सहित ठेकेदार के पांच कर्मचारियों को गिरफ्तार किया गया है।

मुलुंड इलाके में मेट्रो के लिए फ्लाईओवर निर्माण का काम तेजी से चल रहा है। शनिवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे एलबीएस रोड के फ्लाईओवर के पास पिलर के ऊपर से कंक्रीट का एक हिस्सा टूटकर नीचे गिर पड़ा। उस समय नीचे से तेज रफ्तार में बस, ट्रक और ऑटो रिक्शा गुजर रहे थे।

कंक्रीट का टुकड़ा ऑटो पर गिरा। हादसे में रामधन यादव नामक एक व्यक्ति की मौत हो गई। वह शादी समारोह में आमंत्रित होकर मुंबई आए थे। इस घटना में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने एग्जीक्यूटिव इंजीनियर सत्यजीत सालवे को निलंबित करने का निर्देश दिया। इसके अलावा पूरे मेट्रो ढांचे की सुरक्षा को लेकर विस्तृत ऑडिट कराने का भी आदेश दिया गया। मृतक के परिवार को मुंबई सरकार की ओर से 15 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई।

इस घटना को लेकर राजनीतिक बयानबाजी शुरू हो गई है। शिवसेना नेता (ठाकरे गुट) और वर्ली के विधायक आदित्य ठाकरे ने कहा कि बीजेपी के शासन में जीवन की कोई कीमत नहीं है। उन्होंने निर्माण कार्य में लापरवाही का आरोप लगाया। कांग्रेस सांसद वर्षा गायकवाड़ ने बीजेपी सरकार की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि मुंबई के लोगों की जान सस्ती हो गई है। इस व्यस्त सड़क पर काम के दौरान पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था क्यों नहीं की गई, यह सवाल भी उन्होंने उठाया।

Prev Article
बेंगलुरु के जिंदल फ्लाईओवर पर दर्दनाक हादसा,कार-बस टक्कर में 5 युवकों की मौत
Next Article
काजीरंगा में गैंडे का हमला, वन रक्षक की मौत

Articles you may like: