बेंगलुरु : बेंगलुरु के जिंदल फ्लाईओवर पर हुए भीषण सड़क हादसे में पांच युवकों की मौत हो गई। एक तेज रफ्तार कार पलटकर राज्य परिवहन निगम की बस से जा टकराई। यह दुर्घटना शनिवार रात करीब साढ़े 11 बजे मादनायकनहल्ली थाना क्षेत्र में हुई। कार में सवार पांचों युवकों की इस हादसे में जान चली गई।
पुलिस के अनुसार टुमकुरु से बेंगलुरु की ओर जा रही एक इंडिका कार फ्लाईओवर पर नियंत्रण खो बैठी और दाई ओर के डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर के बाद कार दो बार पलटी खाकर कर्नाटक राज्य सड़क परिवहन निगम की एक बस से जा भिड़ी। बस में कुल 42 यात्री सवार थे, हालांकि किसी यात्री को चोट नहीं आई। बस को मामूली नुकसान हुआ है, जबकि इंडिका कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक चार युवकों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। कार चालक को गंभीर हालत में एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। मृतकों में हर्षित नामक एक युवक की पहचान हुई है। वह राजानुकुंते स्थित साई विद्या कॉलेज के द्वितीय वर्ष के डिग्री कोर्स का छात्र था।
पुलिस ने बताया कि मृतक पांचों युवक दोड्डाबल्लापुर क्षेत्र के निवासी थे। वे घरवालों को बिना बताए घर से निकले थे। हर्षित के परिवार के अनुसार वह शनिवार रात करीब 8:30 बजे दोस्त से मिलने के लिए घर से निकला था।
प्रारंभिक जांच में पुलिस का अनुमान है कि हादसा तेज रफ्तार के कारण हुआ। मामले में केस दर्ज कर लिया गया है और पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।