मुंबई: इस साल मादक पदार्थों के व्यापार की जड़ों को उखाड़ फेंकने के लिए 1 जनवरी से 21 दिसंबर तक एक बड़ा अभियान चलाया गया। इस अभियान में मुंबई पुलिस ने मादक माफियाओं का विशाल साम्राज्य लगभग पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। पुलिस के अनुसार पिछले एक साल में शहरभर में अभियान चलाकर 814 करोड़ 17 लाख रुपये से अधिक मूल्य के मादक पदार्थ जब्त किए गए।
पुलिस सूत्रों के अनुसार भारी मात्रा में मादक पदार्थों की बरामदगी के अलावा, मादक संबंधी विभिन्न अपराधों में कुल 7 हजार 372 मामले दर्ज किए गए, जिनके आधार पर 6 हजार 628 लोगों को गिरफ्तार किया गया। प्रशासन का दावा है कि इस अभियान के परिणामस्वरूप शहर के बड़े-बड़े ड्रग रैकेट अब अस्तित्व संकट का सामना कर रहे हैं। हालांकि इस अभियान में पुलिस के लिए सबसे बड़ी चुनौती थी मादक तस्करों द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले गुप्त संकेत या कोडवर्ड को उजागर करना।
जांच में पता लगा कि मादक बाजार में मेफेड्रोन या एमडी नामक ड्रग तस्करों के बीच आंटी नामक कोडवर्ड से जाना जाता था। पुलिस की निगरानी से बचने के लिए तस्कर लंबे समय से इसी सांकेतिक नाम का इस्तेमाल कर रहे थे। लेकिन मुंबई पुलिस की गुप्त शाखा इस कोड को डिकोड करने में सफल रही। इसके परिणामस्वरूप लगभग 275 किलोग्राम से अधिक एमडी ड्रग जब्त की गयी है। इस तस्करी में शामिल 376 तस्करों को पुलिस ने गिरफ्तार किया।
हालांकि केवल मेफेड्रोन ही नहीं, पुलिस ने कोकीन और गांजे जैसे अन्य मादक पदार्थ भी जब्त किए। लगभग 11 किलोग्राम कोकीन जब्त किया गया, जिसकी बाजार कीमत लगभग 84.40 करोड़ रुपये है। इसके अलावा 44 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के लगभग 1हजार 340 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। इसके साथ ही हीरोइन, चरस और कोडिनयुक्त प्रतिबंधित खांसी सिरप के बड़े शिपमेंट भी पुलिस ने जब्त किए। यहां तक कि 15 हजार से अधिक प्रतिबंधित ड्रग टैबलेट की स्ट्रिप भी जब्त की गई।
मुंबई पुलिस का यह अभियान केवल मादक व्यापारियों तक सीमित नहीं था। मादक सेवन करने वालों के खिलाफ भी पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार दर्ज कुल मामलों में से अधिकांश यानी 6 हजार 276 मामले मादक सेवन से संबंधित हैं। इसके लिए पुलिस ने 5 हजार 242 लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वे न केवल मादक की आपूर्ति रोकने, बल्कि मांग को भी नियंत्रित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। शहर को मादक मुक्त बनाने के लिए पुलिस भविष्य में भी इस अभियान को जारी रखेगी।