चेन्नई/पटना : बिहार से आए एक प्रवासी मजदूर की निर्मम हत्या और उसके दो साल के बेटे की मौत ने चेन्नई को झकझोर कर रख दिया है। इस सनसनीखेज मामले में अब एक और दर्दनाक मोड़ सामने आया है। मृतक की पहचान गौरव कुमार (24) के रूप में हुई है। सोमवार सुबह स्थानीय लोगों ने एक मशहूर दोपहिया शोरूम के पास रखी एक बोरी से खून रिसता देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। जांच में पता चला कि गौरव का शव एक बोरी में भरा हुआ था। उसके सिर और चेहरे पर धारदार हथियार से गंभीर चोट के निशान थे। यह घटना इंदिरा नगर, अड्यार इलाके की है।
एएनआई की रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस जांच में सामने आया कि गौरव हाल ही में अपनी पत्नी मुनिता कुमारी और दो साल के बेटे के साथ नौकरी की तलाश में चेन्नई आया था। वह थारामणि स्थित एक पॉलिटेक्निक कॉलेज में सुरक्षा गार्ड के तौर पर काम कर रहा था। हत्या के बाद से गौरव की पत्नी और बच्चा लापता थे, जिसके चलते पुलिस ने बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू किया। बुधवार को चेन्नई पुलिस ने पेरुंगुडी डंपयार्ड, अड्यार मुहाना और कूम नदी के किनारों समेत कई जगहों पर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान माध्या कैलाश के पास कूम नदी से दंपती के दो साल के बेटे का शव बरामद हुआ। पुलिस ने बताया कि महिला मुनिता कुमारी की तलाश अभी जारी है। इस मामले में बिहार के पांच मजदूरों को गिरफ्तार किया गया है। अभियुक्तों की पहचान सिकंदर (33), नरेंद्र कुमार (45), रवींद्रनाथ टैगोर (45), विकास (24) और एक अन्य मजदूर के रूप में हुई है। पुलिस को शक है कि हत्या को अंजाम देने वाले लोग मृतक के परिचित थे। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या मुनिता कुमारी के साथ लापता होने से पहले यौन उत्पीड़न हुआ था। अधिकारियों का कहना है कि इसकी पुष्टि महिला का शव मिलने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो पाएगी। मामले की जांच अभी जारी है।