IPL 2026 का आगाज 28 मार्च से होने वाला है। इस टूर्नामेंट में अभी तक सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड विराट कोहली के नाम है। विराट का रिकॉर्ड आईपीएल में शानदार रहा है लेकिन उन्होंने ये सभी रन ओपनर, नंबर 3, नंबर 4 हर पोजीशन पर बैटिंग करते हुए बनाए हैं। वहीं रोहित शर्मा भी आईपीएल के इतिहास के सबसे सफल बल्लेबाजों में से एक हैं। उन्होंने भी इस लीग के इतिहास में खूब रन बनाए हैं लेकिन आज हम विराट कोहली और रोहित शर्मा की तुलना करेंगे और आपको बताएंगे कि इन दोनों प्लेयर्स में से ओपनर के तौर पर किस प्लेयर ने सबसे ज्यादा रन बनाए हैं। बतौर ओपनर किस प्लेयर का आंकड़ा कैसा है।
ओपनर के तौर पर विराट कोहली के आंकड़े
सबसे पहले बात करते हैं विराट कोहली की। विराट कोहली ने आईपीएल में पिछले 18 साल से सिर्फ एक टीम के लिए खेला है और वो टीम है रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB)। विराट कोहली ने आईपीएल में अब तक कुल 128 पारियों में ओपनिंग की है, इस दौरान उन्होंने 46.81 की शानदार औसत और 139.17 की स्ट्राइक रेट के साथ कुल 5009 रन बनाए हैं। आईपीएल में ओपनर के तौर पर कोहली के बल्ले से 8 शतक और 39 अर्धशतक आए हैं। इस दौरान वह 177 छक्के और 467 चौके भी लगाने में कामयाब रहे हैं। विराट कोहली का आईपीएल में सलामी बल्लेबाज के तौर पर हाईएस्ट स्कोर 113 रन का है।
रोहित शर्मा के आंकड़े बतौर ओपनर कैसे हैं ?
मुंबई इंडियंस के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा की बात की जाए तो उन्होंने इस लीग में ओपनर के तौर पर अब तक कुल 117 पारियों में बल्लेबाजी की है। इस दौरान उन्होंने 28.78 की औसत और 133.75 की स्ट्राइक रेट के साथ कुल 3166 रन बनाए हैं। इस दौरान रोहित शर्मा 19 अर्धशतक और 1 शतक भी जड़ चुके हैं। उन्होंने आईपीएल में बतौर ओपनर अब तक 324 चौके और 140 छक्के लगाए हैं। वहीं उनका हाईएस्ट स्कोर 105 रन का रहा है।
रोहित शर्मा या विराट कोहली, किसने बनाए हैं ज्यादा रन ?
इन आंकड़ों को देखकर साफ तौर पर ये कहा जा सकता है कि आईपीएल में बतौर ओपनर रन बनाने के मामले में रोहित शर्मा से आगे विराट कोहली हैं। विराट ने ओपनिंग करते हुए रोहित शर्मा की तुलना में 1843 रन ज्यादा बनाए हैं। सिर्फ रन बनाने में ही नहीं यहां चौके, छक्के, शतक और अर्धशतक लगाने के मामले में भी विराट कोहली रोहित से आगे हैं। अब आईपीएल 2026 में इन प्लेयर्स का प्रदर्शन कैसा रहता है, ये समय बताएगा।