बेंगलुरु : विराट कोहली ने अपने बारे में फैली अटकलों को पूरी तरह “स्ट्रेट बैट” से खेलते हुए खारिज कर दिया। बिना कोई बड़ा बयान दिए, बिना कुछ लिखे ही उन्होंने साफ कर दिया कि खबर पूरी तरह झूठी है। सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट को शेयर कर उन्होंने सिर्फ दो हंसने वाले इमोजी डाले। इससे ही स्पष्ट हो गया कि इस अफवाह का कोई आधार नहीं है। अपने अंदाज में कोहली ने इस मामले को हल्के में उड़ा दिया।
क्या अफवाह फैली थी विराट को लेकर?
सवाल उठता है कि आखिर यह अफवाह क्या थी? सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा था कि रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) के मैनेजमेंट से कोहली ने चार्टर्ड फ्लाइट की मांग की थी। खबर के मुताबिक, मैच के बीच 3 दिन का ब्रेक मिलते ही वह चार्टर्ड विमान से लंदन जाएंगे और फिर वापस लौट आएंगे ऐसा दावा किया जा रहा था।
हंसते हुए इमोजी से दिया जवाब कोहली ने
इन सभी अटकलों का जवाब खुद कोहली ने दिया। सोशल मीडिया पर वायरल उस रिपोर्ट को उन्होंने अपनी इंस्टा स्टोरी पर शेयर किया और वहां दो हंसने वाले इमोजी लगाए। इसी के जरिए उन्होंने साफ कर दिया कि यह खबर पूरी तरह बेबुनियाद है और वह खुद भी इसे गंभीरता से नहीं ले रहे हैं।
2026 IPL की तैयारी में जुटे विराट
इस समय विराट कोहली 2026 के IPL की तैयारियों में व्यस्त हैं। पिछले हफ्ते ही वह RCB कैंप से जुड़ चुके हैं। सोशल मीडिया पर उनके अभ्यास के वीडियो पहले ही वायरल हो चुके हैं कहीं वह बल्लेबाजी अभ्यास करते दिख रहे हैं तो कहीं साथियों के साथ अनुभव साझा करते नजर आ रहे हैं।
गौरतलब है कि IPL के पहले सीजन से ही कोहली RCB के साथ जुड़े हुए हैं। वह इकलौते ऐसे क्रिकेटर हैं जिनका पूरा IPL करियर एक ही टीम के साथ बीता है।