टी20 वर्ल्ड कप जीत चुकी भारतीय क्रिकेट टीम अब करीब 3 महीने के ब्रेक के बाद इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी करेगी। फिलहाल 28 मार्च से सबका ध्यान सिर्फ IPL 2026 पर रहेगा जो 31 मई तक चलेगा। आईपीएल खत्म होने के बाद एक बार फिर इंटरनेशनल क्रिकेट की भागदौड़ शुरू हो जाएगी। जहां भारतीय क्रिकेट फैंस को फिलहाल IPL का इंतजार है, वहीं दूसरे देशों के क्रिकेट बोर्ड इंटरनेशनल क्रिकेट की वापसी के लिए अभी से बेकरार हैं और इसकी वजह हैं विराट कोहली और रोहित शर्मा। एक रिपोर्ट के मुताबिक, टीम इंडिया के आने वाले विदेश दौरों पर कई क्रिकेट बोर्ड ज्यादा से ज्यादा ODI मैच खेलने की रिक्वेस्ट कर रहे हैं, ताकि विराट और रोहित को देखने का मौका मिल सके।
इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि टीम इंडिया के पहले से ही व्यस्त कार्यक्रम के बावजूद श्रीलंका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और आयरलैंड जैसे देशों के क्रिकेट बोर्ड ने BCCI से संपर्क किया है और इन दौरों पर ODI सीरीज खेलने का प्रस्ताव रखा है। जानकारी के मुताबिक, बोर्ड काफी हद तक इसके लिए तैयार भी है, जिससे पहले से तय शेड्यूल में बदलाव करने पड़ेंगे। इसका असर टीम इंडिया के न्यूजीलैंड दौरे पर दिखा भी है, जहां पहले सिर्फ 3 वनडे मैच खेले जाने थे लेकिन अब इसमें 5 वनडे मैच खेले जाएंगे।
ODI सीरीज पर क्यों दे रहे जोर ?
विदेशी बोर्ड की ऐसी रिक्वेस्ट की खास वजह है। असल में विराट कोहली और रोहित शर्मा अब सिर्फ ODI फॉर्मेट में खेल रहे हैं और वर्ल्ड कप 2027 में या उसके बाद दोनों के रिटायर होने की संभावना है। ऐसे में वर्ल्ड कप से पहले टीम इंडिया जिन भी देशों का दौरा कर रही है, वहां वनडे फॉर्मेट में उन्हें देखने का आखिरी मौका हो सकता है। ऐसे में इन देशों में मौजूद क्रिकेट फैंस, खास तौर पर भारतीय मूल के दर्शक ज्यादा से ज्यादा संख्या में स्टेडियम आ सकते हैं, जिसका फायदा मेजबान क्रिकेट बोर्ड को मिलेगा।
वहीं BCCI भी इन मांगों को मानने के लिए तैयार होती हुई दिख रही है और उसका भी इसमें फायदा है। असल में विदेशी परिस्थितियों, खास तौर पर इंग्लैंड और न्यूजीलैंड, में ज्यादा से ज्यादा वनडे मैच खेलकर टीम इंडिया अगले साल होने वाले वर्ल्ड कप के लिए खुद को अच्छे से तैयार कर पाएगी, जिसका आयोजन साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में होना है।
इन विदेशी दौरों पर ODI सीरीज संभव
टीम इंडिया को IPL के बाद घर में ही अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट और वनडे सीरीज खेलनी है। फिर जुलाई में इंग्लैंड का दौरा करना है, जहां वो 3 वनडे और 5 टी20 खेलेगी। इसमें 2 वनडे और जुड़ने की संभावना है। वहीं इसी दौरे पर आयरलैंड के खिलाफ भी सीरीज खेलने को लेकर सहमति बनी है। बस ये तय होना बाकी है कि 3 वनडे खेले जाएंगे या 3 टी20 मैच।
इसके बाद श्रीलंका दौरे पर 2 टेस्ट मैच खेले जाने हैं और इसके साथ ही श्रीलंकाई बोर्ड 3 वनडे मैच के लिए भी जोर दे रहा है, जो बाढ़ राहत के लिए खेले जाएंगे। इसके बाद UAE और बांग्लादेश का दौरा है लेकिन दोनों फिलहाल राजनीतिक अस्थिरता के कारण अटके हुए हैं। इसके बाद अक्टूबर से दिसंबर के बीच न्यूजीलैंड का दौरा होगा, जिसमें टेस्ट और टी20 के अलावा 5 वनडे भी खेले जाएंगे।