क्रिकेट प्रेमियों के इंतजार का पल समाप्त होने के बेहद करीब है। भारत और पाकिस्तान की टीम कल 15 फरवरी को कोलंबो में आमने सामने होने जा रही है। अहम मुकाबले से एक दिन पूर्व भारत और पाकिस्तान क्रिकेट टीम के कुछ पूर्व दिग्गज खिलाड़ियों ने NDTV के शो में खास चर्चा की है। इस दौरान सभी दिग्गजों ने मिलकर बताया कि मैच के दौरान आदर्श स्कोर क्या हो सकता है। दोनों देशों के पूर्व दिग्गज क्रिकेटरों का माना कि ये मैदान 200 से 250 रन बनाने वाला नहीं है। यहां बाउंड्रीज लंबी है। पिच पर स्पिन होता है और गेंदबाजों को स्विंग भी हासिल होता है।
बातचीत के दौरान दिग्गजों ने माना कि मैच के दौरान परिस्थिति को देखते हुए खिलाड़ियों को डिसाइड करना होगा कि उन्हें अटैकिंग क्रिकेट खेलना है या संभलकर पारी को आगे बढ़ाना है। दिग्गजों ने कहा कि खेल के शुरुआती चार ओवरों में ही पता चल जाएगा कि पिच में कितना दम है। यहां 170 रन बन जाते हैं तो मैच जीतने का चांस काफी बढ़ जाता है। क्योंकि यहां स्पिनरों के खिलाफ शॉट लगाना आसान नहीं होगा।
दिग्गजों ने भारत को बताया फेवरेट
यही नहीं बातचीत के दौरान फेवरेट टीम के बारे में सवाल किया गया तो पाक दिग्गजों ने भारतीय टीम को अपना फेवरेट बताया। बासित अली ने सवाल का जवाब देते हुए कहा, 'सवाल बहुत जबर्दस्त है. दुनिया के सभी लोगों को पता है कि इंडिया फेवरेट है। पांच साल का कोई बच्चा होगा तो भी यही बोलेगा। क्योंकि इंडिया जो क्रिकेट खेल रहा है. वो टॉप क्लास का क्रिकेट खेल रहा है।'