आज शाम भारत और पाकिस्तान के बीच खेले जाने वाले हाई वोल्टेज मैच के शुरू होने में अब महज कुछ घंटे शेष रह गए हैं। आगामी मुकाबले के लिए दोनों टीमें कोलंबो में उपस्थित हैं और मैच की गंभीरता को देखते हुए जमकर पसीना बहा रही हैं। प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में भारतीय टीम विपक्षी टीम को सात बार मात दे चुकी है। आठवीं बार भी वह शिकस्त देने के लिए एड़ी चोटी का दम लगा रही है। यहीं वजह है कि वह मैच से पहले कोई कोर कसर नहीं छोड़ना चाहती है। वैसे तो ब्लू टीम में एक से बढ़कर एक धुरंधर खिलाड़ी मौजूद हैं। मगर टीम इंडिया किस प्लेइंग इलेवन के साथ मैदान में उतरेगी। ये बड़ा सवाल है। लोगों की इसी उत्सुकताओं को देखते हुए हमने मैच से पहले टीम की परफेक्ट प्लेइंग बनाने की कोशिश की है, जो कुछ इस प्रकार हैः
ईशान किशन और अभिषेक शर्मा कर सकते हैं पारी आगाज
ईशान किशन का पाकिस्तान के खिलाफ मैदान में उतरना कंफर्म है। मैच से पहले अभिषेक शर्मा के भी फिट होने की खबर सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि उन्होंने प्रैक्टिस सेशन में ना केवल हिस्सा लिया है, बल्कि कुलदीप यादव और वरुण चक्रवर्ती के खिलाफ जमकर बल्लेबाजी भी की है। शर्मा और किशन का बल्ला पाकिस्तान के खिलाफ चला तो टीम इंडिया की जीत सुनिश्चित है।
इन धुरंधरों पर रहेगी मध्यक्रम की कमान
मध्यक्रम की कमान विशेष रूप से तिलक वर्मा और कैप्टन सूर्यकुमार यादव के कंधों पर रहेगी। दोनों ही बल्लेबाजों के बल्लेबाजी से हर कोई अच्छी तरह से वाकिफ है। पिछले काफी समय से सूर्यकुमार यादव अपने पुराने फॉर्म के लिए जुझ रहे थे। मगर अब वह भी लय में आ चुके हैं, जो टीम इंडिया के लिए प्लस प्वाइंट है।
तीन ऑलराउंडर को मिल सकता है मौका
पाकिस्तान के खिलाफ टीम इंडिया तीन ऑलराउंडर खिलाड़ियों के साथ मैदान में उतर सकती है। जिसमें हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे और अक्षर पटेल का नाम शामिल है। ये तीनों ही खिलाड़ी बल्ले के साथ-साथ गेंद से भी मैच का रूख बदलने में माहिर हैं।
मैच फिनिशर के भूमिका में नजर आएंगे रिंकू सिंह
रिंकू सिंह के मैच फिनिशिंग क्षमता से हर कोई अच्छी तरह से वाकिफ है। पाकिस्तान के खिलाफ भी उन्हें इसी भूमिका में मौका मिल सकता है। खबर लिखे जाने तक उन्होंने देश के लिए 42 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं। इस बीच उनके बल्ले से 30 पारियों में 40.50 की औसत से 648 रन निकले हैं।
बुमराह, वरुण और कुलदीप के कंधों पर रहेगी गेंदबाजी की जिम्मेदारी
गेंदबाजी की जिम्मेदारी मुख्य रुप से जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती और कुलदीप यादव के कंधों पर रहेगी। इन तीनों ही गेंदबाजों ने अपनी शानदार प्रतिभा से पूरी दुनिया को चौंकाया है।
पाकिस्तान के खिलाफ मैच के लिए भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन
1 ईशान किशन (विकेटकीपर), 2 अभिषेक शर्मा, 3 तिलक वर्मा, 4 सूर्यकुमार यादव (कप्तान), 5 हार्दिक पंड्या, 6 शिवम दुबे, 7 रिंकू सिंह, 8 अक्षर पटेल, 9 कुलदीप यादव, 10 वरुण चक्रवर्ती और 11 जसप्रीत बुमराह।