कोलंबो : सभी अटकलों और नाटकीय घटनाक्रम का अंत करते हुए आखिरकार 15 फरवरी 2026 को T20 वर्ल्ड कप का सबसे रोमांचक मुकाबला होने जा रहा है लेकिन भारत बनाम पाकिस्तान मैच से पहले ही भारतीय खेमे में नई अटकलें शुरू हो गई हैं। श्रीलंका की राजधानी कोलंबो में भारतीय स्टार बल्लेबाज श्रेयस अय्यर को देखा गया है।
भारतीय टीम के कोलंबो पहुंचने से पहले ही श्रेयस वहां पहुंच गए। कोलंबो के बंदरानायके अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उनकी मौजूदगी ने प्रशंसकों के बीच जबरदस्त उत्साह पैदा कर दिया है। सोशल मीडिया पर उनकी तस्वीरें और वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं जिनमें वह प्रशंसकों के साथ नजर आ रहे हैं। सवाल उठ रहा है श्रेयस अचानक कोलंबो क्यों पहुंचे?
भारत-पाकिस्तान मैच से पहले श्रेयस की अचानक एंट्री
मौजूदा T20 वर्ल्ड कप के लिए श्रेयस भारतीय टीम में शामिल नहीं हैं फिर भी उनका अचानक कोलंबो पहुंचना कई सवाल खड़े कर रहा है। खासकर युवा ओपनर अभिषेक शर्मा अभी पाकिस्तान के खिलाफ मैच के लिए अनिश्चित बताए जा रहे हैं। ऐसे में श्रेयस की मौजूदगी और भी चौंकाने वाली है क्योंकि उन्होंने हाल ही में 2026 आईपीएल के लिए अबू धाबी में आयोजित पंजाब किंग्स (PBKS) के ट्रेनिंग कैंप में हिस्सा नहीं लिया था। यह कैंप 8 से 14 फरवरी तक शेख जायद स्टेडियम में आयोजित हुआ था।
PBKS के कप्तान भले मौजूद नहीं थे लेकिन युजवेंद्र चहल, शशांक सिंह, प्रभसिमरन सिंह, नेहल वाधेरा, हरप्रीत बराड़, पायला अविनाश, विशाल निशाद, प्रियांश आर्य, प्रवीण दुबे और यश ठाकुर जैसे प्रमुख खिलाड़ियों ने भाग लिया।
स्वाभाविक रूप से कई प्रशंसक यह कयास लगा रहे हैं कि क्या श्रेयस को भारत-पाकिस्तान मैच के लिए बुलाया गया है? कुछ का मानना है कि वह शायद स्टैंडबाय खिलाड़ी के रूप में या टीम का समर्थन करने के लिए कोलंबो पहुंचे हैं। हालांकि टीम मैनेजमेंट की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।