🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

भारत-पाक मैचः दिल्ली के रेस्तराऔर मल्टीप्लेक्सों में क्रिकेट फैंस के लिए क्या खास आयोजन हो रहा?

रेस्तरां में स्पेशल मेन्यू, सिनेमाघरों में 300 स्क्रीन पर लाइव प्रसारण।

By श्वेता सिंह

Feb 14, 2026 18:51 IST

नई दिल्लीः आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मैच को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह है। उनके इस उत्साह को ध्यान में रखते हुए दिल्ली-एनसीआर में रेस्तरां, स्पोर्ट्स बार और मल्टीप्लेक्स ने विशेष इंतजाम किए हैं। वजह ये कि दर्शक खेल के रोमांच के साथ खाने-पीने और बड़े पर्दे का आनंद ले सकें।

दिल्ली के लोकप्रिय रेस्तरां Cafe Delhi Heights ने अपने आउटलेट्स पर क्रिकेट प्रेमियों के लिए विशेष मेन्यू पेश किया है। इसमें शाकाहारी और मांसाहारी विकल्पों के साथ हॉट गार्लिक चिकन विंग्स, गलौटी कबाब और कश्मीरी लाल मिर्च चिकन टिक्का जैसे व्यंजन शामिल हैं। साथ ही ‘हैट-ट्रिक’, ‘बीयर बाउंड्री’ और ‘सिक्सर सेवर’ जैसे खास बेवरेज पैकेज भी शुरू किए गए हैं, जिनमें अनलिमिटेड बीयर और कॉकटेल विकल्प शामिल हैं।

मल्टीप्लेक्स चेन PVR Inox ने जियोस्टार के साथ साझेदारी कर 15 फरवरी को होने वाले भारत-पाक मुकाबले का प्रसारण 50 से अधिक बाजारों के 300 स्क्रीन पर करने की घोषणा की है। टिकट की शुरुआती कीमत 99 रुपये रखी गई है। ग्रुप स्टेज में भारत के सभी मैचों के अलावा सुपर 8, सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले भी बड़े पर्दे पर दिखाए जाएंगे।

इसके अलावा दिल्ली, गुरुग्राम और नोएडा के कई बार और रेस्तरां लाइव स्क्रीनिंग के साथ अनलिमिटेड फूड और ड्रिंक पैकेज, बीयर ऑफर और विशेष छूट दे रहे हैं।

टी20 विश्व कप 7 फरवरी से शुरू हो चुका है और फाइनल 8 मार्च को खेला जाएगा। ऐसे में भारत-पाक मुकाबले को लेकर राजधानी में क्रिकेट का जोश साफ तौर पर दिखाई दे रहा है।

Prev Article
भारत टी20 में पाकिस्तान से कहीं बेहतर: अनुभव हो या आंकड़े, बल्लेबाजी हो या गेंदबाजी; बिल्कुल नहीं टिकता पड़ोसी
Next Article
आज, ये 11 धुरंधर इंडिया को पाकिस्तान के खिलाफ दिलाएंगे जीत

Articles you may like: