टी20 विश्वकप 2026 में भारत-पाकिस्तान की टक्कर कल 15 फरवरी, रविवार को कोलंबो में होनी है। मैच से पहले पाकिस्तान की ओर से बहिष्कार की चर्चा रही, मगर अंततः टीम मैदान में उतरेगी। मौजूदा स्क्वॉड के आंकड़े बताते हैं कि भारत की बैटिंग फायरपावर और डेथ-बॉलिंग भारी पड़ सकती है, जबकि पाकिस्तान अपने अनुभवी टॉप ऑर्डर और स्ट्राइक गेंदबाजों पर टिका है।
कोलंबो में रविवार को एक बार फिर क्रिकेट का सबसे बड़ा रंगमंच सजने वाला है। टी20 विश्वकप 2026 में भारत और पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने होंगी। इस मुकाबले में हर गेंद का वजन होगा, हर रन का असर होगा। मैच से पहले पाकिस्तान की तरफ से बहिष्कार की बातें तैरती रहीं, लेकिन आखिरकार टीम खेलने के लिए तैयार है और यही फैंस चाहते भी थे। भारत और पाकिस्तान का मुकाबला रविवार शाम सात बजे से खेला जाएगा और टॉस इससे आधे घंटे पहले यानी शाम साढ़े छह बजे टॉस होगा।
भारतः टी20 स्क्वॉड: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, संजू सैमसन, शिवम दुबे, ईशान किशन, हार्दिक पांड्या, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, रिंकू सिंह।
पाकिस्तानः टी20 स्क्वॉड: सलमान अली आगा (कप्तान), अबरार अहमद, बाबर आजम, फहीम अशरफ, फखर जमान, ख्वाजा नफे, मोहम्मद नवाज, मोहम्मद सलमान मिर्जा, नसीम शाह, साहिबजादा फरहान, सैम अयूब, शाहीन शाह अफरीदी, शादाब खान, उस्मान खान, उस्मान तारिक।
दोनों टीमों का मौजूदा स्क्वॉड अनुभव, युवा जोश और मैच-विनर्स से भरा है। हालांकि, मौजूदा भारतीय टीम का टी20 अनुभव और आंकड़े पाकिस्तान से कहीं बेहतर हैं। यानी फॉर्म, भूमिका और असर, सबकी अगर मौजूदा तस्वीर देखें, तो भारतीय टीम पाकिस्तान से कहीं बेहतर दिखती है। हां, अगर दोनों टीमों के मौजूदा खिलाड़ियों एक दूसरे खिलाफ आंकड़ा देखें, तो पाकिस्तान थोड़ा सा बेहतर जरूर दिखता है, लेकिन जीत उन्हें फिर भी नहीं मिली है।