मुंबईः पांच मार्च यानी कल मुंबई के वानखेड़े क्रिकेट स्टेडियम में भारत और इंग्लैंड के बीच भिड़ंत होगी। टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में दोनों टीमें तीसरी बार सेमीफाइनल में आमने-सामने होंगी। इससे पहले खेले गए मुकाबलों में एक बार इंग्लैंड ने तो एक बार भारत ने ने बाजी मारी है। भारत ने टूर्नामेंट में अभी तक एक मुकाबला गंवाया है। साउथ अफ्रीका के खिलाफ उसे सुपर-8 के अपने पहले मुकाबले में शिकस्त झेलनी पड़ी थी। भारतीय टीम के स्टार स्पिनर वरुण चक्रवर्ती टी20 विश्व कप में लय में नजर नहीं आ रहे हैं। वरुण वेस्टइंडीज के खिलाफ पिछले मैच में महंगे साबित हुए थे जिससे भारत की चिंता बढ़ गई है। भारत का सामना अब इंग्लैंड से सेमीफाइनल में होगा और इससे पहले वरुण लय में लौटने की पूरी कोशिश कर रहे हैं। वरुण समते चार भारतीय खिलाड़ियों ने गुरुवार को होने वाले सेमीफाइनल से पहले मुंबई में जमकर अभ्यास किया।
सुपर आठ में नहीं दिखा वरुण का दम
पिछले एक साल से बीच के ओवरों में भारत के ट्रंपकार्ड रहे वरुण अपनी रफ्तार बढाने के बाद से और प्रभावी हो गए हैं। पिछले एक साल में उन्होंने 13.19 की औसत और सात के करीब इकॉनोमी रेट से 36 विकेट लिए हैं। टी20 विश्व कप के शुरुआती चरण में तो वह प्रभावी रहे, लेकिन सुपर आठ में उस प्रदर्शन को कायम नहीं रख सके। मंगलवार की रात अभ्यास सत्र के बाद वह आराम कर सकते थे, लेकिन उन्होंने अभ्यास करने का फैसला किया। मैदान पर सहयोगी स्टाफ के सदस्य टी दिलीप, मोर्ने मोर्कल, रेयान टेन डस्काटे और सितांशु कोटक भी मौजूद थे जिन्होंने वरुण से लंबी बात की। मोर्कल ने बाद में कहा, वरुण के साथ सामान्य अभ्यास सत्र था। वह मैच से पहले अभ्यास पसंद करते हैं। मैने उनसे यही कहा कि उसमें हर गेंद पर विकेट लेने की क्षमता है।