सिडनीः ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर डेमियन मार्टिन गंभीर बीमारी मेनिन्जाइटिस से सफलतापूर्वक उबर रहे हैं। करीब आठ दिन तक कृत्रिम कोमा में रहने के बाद उनकी हालत में तेजी से सुधार हुआ है और अब वे घर पर आराम कर रहे हैं। 54 वर्षीय मार्टिन को 27 दिसंबर को अचानक तबीयत बिगड़ने पर गोल्ड कोस्ट यूनिवर्सिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
मार्टिन ने सोशल मीडिया के जरिए अपने स्वास्थ्य को लेकर जानकारी साझा करते हुए बताया कि उनकी स्थिति बेहद नाजुक थी और डॉक्टरों ने उनके बचने की संभावना सिर्फ 50 प्रतिशत बताई थी। गंभीर संक्रमण के चलते उन्हें आठ दिनों के लिए कोमा में रखा गया। कोमा से बाहर आने के बाद वे न तो चल पा रहे थे और न ही बोल पा रहे थे, लेकिन इलाज और मानसिक दृढ़ता के बल पर केवल चार दिनों के भीतर उन्होंने दोबारा चलना और बोलना शुरू कर दिया।
उनकी तेज रिकवरी ने डॉक्टरों को भी हैरान कर दिया, जिसके बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। घर लौटने के बाद मार्टिन ने कहा कि समुद्र तट पर रेत में पैर रखना उनके लिए बेहद भावुक क्षण था। उन्होंने कहा कि इस अनुभव ने उन्हें जिंदगी की नाजुकता और समय की अहमियत का एहसास कराया।
मार्टिन ने एंबुलेंस कर्मियों, डॉक्टरों, नर्सों, परिवार, दोस्तों और दुनिया भर से शुभकामनाएं भेजने वाले प्रशंसकों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि कई ऐसे लोग भी थे जिन्हें वे व्यक्तिगत रूप से नहीं जानते, लेकिन उनका समर्थन उनके लिए बहुत मायने रखता है।
डेमियन मार्टिन ऑस्ट्रेलिया के सफल क्रिकेटरों में शामिल रहे हैं। उन्होंने 1992 से 2006 के बीच 67 टेस्ट, 208 वनडे और चार टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले। वह अपनी ठोस बल्लेबाजी और वनडे क्रिकेट में शानदार फिनिशर के रूप में पहचाने जाते हैं। भारत में 2004 की बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में उनका प्रदर्शन खास तौर पर याद किया जाता है।
पूर्व क्रिकेटर ने कहा कि अब उनकी सेहत में लगातार सुधार हो रहा है और वे खुद को पहले से बेहतर महसूस कर रहे हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि वह 2026 के लिए पूरी तरह तैयार रहेंगे।