लंदन : मुंबई इंडियंस (MI) लंदन ने आधिकारिक रूप से घोषणा की है कि वेस्टइंडीज के दिग्गज ऑलराउंडर कीरोन पोलार्ड को 2026 सीजन के लिए द हंड्रेड में अपना मुख्य कोच नियुक्त किया गया है। पोलार्ड और MI का रिश्ता केवल लंबा नहीं बल्कि बेहद गहरा और ऐतिहासिक रहा है। उन्होंने 2009 से 2022 तक इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में मुंबई इंडियंस के लिए खेला और टीम को अनगिनत यादगार जीत दिलाईं। खिलाड़ी के रूप में संन्यास लेने के बाद उन्होंने टीम के बल्लेबाजी कोच की जिम्मेदारी संभाली जिससे फ्रेंचाइजी के साथ उनका जुड़ाव और भी मजबूत हो गया।
IPL के अलावा पोलार्ड ने MI के लिए मेजर लीग क्रिकेट (MI न्यूयॉर्क), ILT20 (MI एमिरेट्स), SA20 (MI केप टाउन) और CLT20 में भी खेला है। इसके अलावा वह त्रिनिदाद और टोबैगो में MI क्रिकेट अकादमी की स्थापना में भी अहम भूमिका निभा रहे हैं।
MI के मुख्य कोच पोलार्ड
पोलार्ड इससे पहले भी द हंड्रेड में खेल चुके हैं। 2022 में लंदन स्पिरिट के लिए और 2024 में साउदर्न ब्रेव के लिए। अब यह वेस्टइंडीज के टी-20 दिग्गज नए किरदार में इस लीग में वापसी कर रहे हैं।
पोलार्ड ने कहा कि MI लंदन का मुख्य कोच बनकर मैं गर्व और सम्मानित महसूस कर रहा हूं। द हंड्रेड और सरे के लिए खेलने का मुझे अनुभव है इसलिए मैंने सरे की क्रिकेट संस्कृति और मुंबई इंडियंस की जीतने वाली मानसिकता के बीच समानता को करीब से देखा है। एक मजबूत टीम बनाना, अच्छा माहौल तैयार करना और लगातार सफलता की ओर बढ़ना मेरे लिए यह एक बेहतरीन अवसर है।
WPL की मुख्य कोच को भी सौंपी गई बड़ी जिम्मेदारी
महिला प्रीमियर लीग (WPL) में MI की महिला टीम की मुख्य कोच लिसा काइटली को इस बार लंदन महिला टीम का मुख्य कोच नियुक्त किया गया है। पिछले द हंड्रेड सीजन में उन्होंने नॉर्दर्न सुपरचार्जर्स (अब सनराइजर्स लीड्स) को उनका पहला खिताब दिलाया था।