आसनसोलः पश्चिम बर्दवान जिले की आसनसोल दक्षिण सीट पर भाजपा उम्मीदवार अग्निमित्रा पॉल ने बड़ी बढ़त हासिल कर ली है। 10 राउंड की गिनती के बाद वह 30,324 वोटों से आगे चल रही हैं, जिससे उनकी स्थिति काफी मजबूत मानी जा रही है।
अग्निमित्रा पॉल का दबदबा कायम
चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार 9 राउंड तक अग्निमित्रा पॉल को 83,698 वोट मिले हैं, जबकि तृणमूल कांग्रेस के तापस बनर्जी 53,374 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर हैं। इस सीट पर सीपीएम और कांग्रेस काफी पीछे चल रहे हैं। कुल 15 राउंड की गिनती होनी है, लेकिन शुरुआती रुझान भाजपा के पक्ष में स्पष्ट बढ़त दिखा रहे हैं। इस सीट पर शुरू से ही भाजपा उम्मीदवार की बढ़त देखने को मिल रही है। पिछले विधानसभा चुनाव में भी इसी सीट से अग्निमित्रा पॉल ने जीत दर्ज की थी, और इस बार भी शुरुआती राउंड से ही उन्होंने अपनी स्थिति मजबूत बनाए रखी है।
तृणमूल कैंप ऑफिस में तोड़फोड़ का आरोप
मतगणना के बीच आसनसोल से एक बड़ी घटना सामने आई है। तृणमूल कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि उनके कैंप ऑफिस में अचानक कुछ लोगों ने घुसकर तोड़फोड़ की। आरोप है कि कुर्सी-टेबल फेंककर पूरे कैंप को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। तृणमूल कांग्रेस का आरोप है कि इस घटना के दौरान महिला पुलिसकर्मी भी घायल हुई हैं। स्थिति बिगड़ने के बाद मौके पर केंद्रीय सुरक्षा बल और RAF को तैनात किया गया। हालात को काबू में लाने के लिए सुरक्षा बलों ने हस्तक्षेप किया।
तृणमूल पार्षद का बयान
आसनसोल नगर निगम के 21 नंबर वार्ड की तृणमूल पार्षद श्रावणी मंडल ने कहा कि वह खुद कैंप में मौजूद थीं जब हमला हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि लाठी और डंडों से हमला किया गया, जिसमें करीब 35 कार्यकर्ता घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव फैल गया है।
प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। जहां एक ओर भाजपा इस सीट पर बड़ी बढ़त बनाए हुए है, वहीं दूसरी ओर तृणमूल कांग्रेस ने हिंसा और तोड़फोड़ के गंभीर आरोप लगाए हैं। इससे मतगणना के साथ-साथ राजनीतिक माहौल भी गर्म हो गया है।