नयी दिल्लीः रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पश्चिम एशिया में बदलते हालात को लेकर गठित मंत्रियों के अनौपचारिक समूह (IGoM) की पहली बैठक की अध्यक्षता की। इस बैठक में उन्होंने स्थिति से निपटने के लिए सक्रिय और समन्वित रणनीति अपनाने पर जोर दिया।
रक्षा मंत्रालय की ओर से जारी जानकारी के अनुसार बैठक में क्षेत्रीय परिस्थितियों और उनके भारत के विभिन्न क्षेत्रों पर पड़ने वाले संभावित प्रभावों की व्यापक समीक्षा की गई। बैठक के दौरान राजनाथ ने कहा कि मौजूदा हालात को देखते हुए सतर्क रहना जरूरी है और आगे की चुनौतियों के लिए पहले से तैयारी करनी चाहिए। उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि सभी मंत्रालयों के बीच बेहतर तालमेल और त्वरित निर्णय लेने की प्रक्रिया सुनिश्चित होनी चाहिए।
नई दिल्ली स्थित कर्तव्य भवन में आयोजित इस बैठक में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजीजू, पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी, ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल खट्टर, रसायन एवं उर्वरक मंत्री जेपी नड्डा, उपभोक्ता मामले मंत्री प्रह्लाद जोशी, नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री जितेन्द्र सिंह भी शामिल हुए।
बैठक में विभिन्न सचिव समूहों (EGoS) ने अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़े मुद्दों और अब तक उठाए गए कदमों पर प्रस्तुति दी। रक्षा मंत्री ने उन्हें स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखने, दीर्घकालिक तैयारी करने और आपसी समन्वय मजबूत रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने यह भी कहा कि सभी नीतिगत कदम तय समयसीमा के भीतर लागू किए जाएं और उनमें आपसी तालमेल बना रहे। साथ ही, सभी संबंधित मंत्रियों से सुझाव भी मांगे गए ताकि देश किसी भी संभावित प्रभाव के लिए तैयार रह सके।
बैठक में राज्यों और जिला प्रशासन के साथ समन्वय बनाए रखने तथा जनता तक सही और समय पर जानकारी पहुंचाने की जरूरत पर भी जोर दिया गया। विभिन्न उद्योगों पर संभावित असर का आकलन करने पर भी चर्चा हुई।
इसके अलावा सभी मंत्रालयों को निर्देश दिया गया कि वे संबंधित सूचनाएं और एडवाइजरी सूचना और प्रसारण मंत्रालय के व्हाट्सएप चैनल के माध्यम से साझा करें ताकि अफवाहों और फर्जी खबरों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।
बैठक के बाद सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार देश के नागरिकों को किसी भी तरह के नकारात्मक प्रभाव से सुरक्षित रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।