शिमला: जुंगा में स्थित 200 साल पुराना एक महल बुधवार को आग लगने से पूरी तरह नष्ट हो गया। अधिकारियों ने बताया कि यह शिमला से लगभग 26 किलोमीटर दूर स्थित था। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
उन्होंने बताया कि आग करीब दोपहर 1 बजे लगी, जो बहुत तेजी से पूरे महल में फैल गई। सूचना मिलते ही चार दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। आग लगने के कारणों और इस घटना में हुए कुल नुकसान का आकलन किया जा रहा है। यह महल 1800 के दशक में तत्कालीन केओंथल रियासत के राजाओं द्वारा बनवाया गया था। यह महल अब जर्जर हो चुका था। यहां यह उल्लेखनीय है कि यह महल पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की ससुराल था। यह हिमाचल प्रदेश कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष प्रतिभा सिंह का मायका है। इस ऐतिहासिक महल से यादें और विरासत जुड़ी हुई हैं।