नई दिल्लीः बुधवार को पूरे भारत में रंगों का त्योहार होली बड़े उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। लोगों ने एक-दूसरे को रंग लगाया, मिठाइयां बांटी और संगीत व पारंपरिक कार्यक्रमों के साथ इस पर्व को मनाया। बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक माना जाता है यह त्योहार।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी देशवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह त्योहार वातावरण में नई ऊर्जा और उत्साह भर देता है। मथुरा-वृंदावन के मंदिरों में धार्मिक अनुष्ठानों से लेकर राजस्थान की रंगों भरी धुलंडी और दिल्ली में आम आदमी पार्टी की ‘कट्टर ईमानदार होली’ तक, शहरों और गांवों में लोग रंगों में सराबोर नजर आए।
मथुरा के वृंदावन स्थित प्रियाकांत जू मंदिर में होली का त्योहार। ANI
मथुरा में परम्परागत ढंग से मनायी गयी होली
मथुरा जिले के बच्चगांव में करीब 150 साल पुरानी परंपरा ‘चप्पल होली’ भी निभाई गई। इसमें परिवार के बड़े सदस्य मजाक-मजाक में छोटे सदस्यों को चप्पलों से हल्के-फुल्के अंदाज में मारते हैं। यह परंपरा ब्रिटिश शासन के विरोध से जुड़ी मानी जाती है। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में भी ‘लाट साहब’ की शोभायात्रा निकाली गई। इस परंपरा में एक व्यक्ति को औपनिवेशिक दौर के अधिकारी का प्रतीक बनाकर बैलगाड़ी पर बैठाया जाता है और लोग मजाकिया अंदाज में उसे जूतों से मारते हैं।
केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह अपने आवास पर होली उत्सव के दौरान पारंपरिक वाद्ययंत्र बजाते हुए। ANI
राजनाथ सिंह ने बजाए ढोल, दुनिया में शांति और सद्भाव की कामना की
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने होली के मौके पर अपने आवास पर आयोजित कार्यक्रम में उत्साह के साथ भाग लिया। इस दौरान उन्होंने ढोल बजाए और लोगों को गुलाल लगाकर त्योहार की खुशियां साझा कीं। रंगों के इस पर्व को मनाने के लिए राष्ट्रीय राजधानी में स्थित उनके आवास पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हुए थे।
राहुल गांधी ने नई दिल्ली स्थित पार्टी कार्यालय में होली खेलते हुए। @INCIndia/X via PTI
राहुल गांधी ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ होली खेली
कांग्रेस मुख्यालय 24 अकबर रोड पर राहुल गांधी ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ होली खेली और सभी को रंग लगाया। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी लोगों को होली की शुभकामनाएं दीं।
आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पार्टी नेता मनीष सिसोदिया के आवास पर होली मनाते हुए। @ArvindKejriwal X/ANI
आम आदमी पार्टी के नेताओं ने केजरीवाल मौजूदगी में मनायी होली
दिल्ली में आम आदमी पार्टी के नेताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की मौजूदगी में मनीष सिसोदिया के घर ‘कट्टर ईमानदार होली’ मनाई। सिसोदिया ने कहा कि इस बार हवा में भ्रष्टाचार नहीं, बल्कि ईमानदारी के रंग उड़ेंगे।
भारत-तिब्बत सीमा पुलिस के नॉर्थ वेस्ट फ्रंटियर के जवान होली का त्योहार मनाते हुए। ANI
सीमा पर जवानों ने भी मनाई होली
जम्मू में भारत-पाकिस्तान सीमा के पास सेना और अर्धसैनिक बलों के जवानों ने भी स्थानीय लोगों के साथ होली मनाई। लोगों ने एक-दूसरे को बधाई दी और त्योहार की मिठाइयां बांटी। भारत-तिब्बत सीमा पुलिस के नॉर्थ वेस्ट फ्रंटियर के जवानों ने पैंगोंग झील की जमी हुई सतह पर बसे वाइब्रेंट गांवों के निवासियों के साथ होली मनायी।
अहमदाबाद के कालूपुर स्वामीनारायण मंदिर में होली उत्सव के दौरान भक्त। ANI
विभिन्न राज्यों होली उत्सव
पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में लोगों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर और मिठाइयां बांटकर त्योहार मनाया। पंजाब के आनंदपुर साहिब में सिखों के प्रसिद्ध होला मोहल्ला उत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। तेलंगाना, ओडिशा और झारखंड में भी लोगों ने पारंपरिक तरीके से होली मनाई। हैदराबाद में बच्चों और युवाओं ने अपार्टमेंट और कॉलोनियों में रंगों के साथ उत्सव मनाया।
ओडिशा के पुरी में होली में शामिल होने आए विदेशी पर्यटकों के लिए विशेष व्यवस्था की गई। साथ ही समुद्र तट पर सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए होटल संचालकों और लाइफगार्ड को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए।