नई दिल्लीः भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन ने पदभार संभालने के पहले ही दिन पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात कर आशीर्वाद और मार्गदर्शन लिया। उन्होंने पार्टी के पितामह लालकृष्ण आडवाणी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से भेंट की।
नितिन नवीन के कार्यभार संभालते ही भाजपा मुख्यालय में सुबह से ही रौनक देखने को मिली। देश के विभिन्न राज्यों से आए पार्टी पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उन्हें बधाई देने पहुंचे। खास तौर पर बिहार से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पार्टी कार्यालय में मौजूद रहे।
पार्टी कार्यालय पहुंचने से पहले नितिन नवीन ने अमित शाह और नितिन गडकरी से उनके आवास पर मुलाकात की। इसके बाद उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि गृह मंत्री अमित शाह का मार्गदर्शन हमेशा उन्हें संगठनात्मक दायित्व निभाने में प्रेरित करता रहा है।
शाम को नितिन नवीन ने वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी के आवास जाकर उनसे आशीर्वाद लिया। उन्होंने कहा कि आडवाणी जी के अडिग संकल्प और अथक परिश्रम ने भाजपा को आज इस मुकाम तक पहुंचाया है और उनका मार्गदर्शन सदैव प्रेरणास्रोत रहा है। पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से भी मुलाकात कर संगठनात्मक दिशा पर चर्चा की। नड्डा ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं और मार्गदर्शन प्रदान किया।
भाजपा मुख्यालय पहुंचने पर राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह, विनोद तावड़े, दुष्यंत गौतम और राष्ट्रीय मीडिया विभाग के सह-प्रभारी संजय मयूख ने उनका स्वागत किया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, बिहार के मंत्री दिलीप जायसवाल और अरुण शंकर प्रसाद, पूर्व केंद्रीय मंत्री शहनवाज हुसैन सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें बधाई दी।
दिल्ली, मणिपुर, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के भाजपा प्रदेश अध्यक्षों ने भी नितिन नवीन से मुलाकात की। उन्होंने पार्टी मुख्यालय के विभिन्न विभागों के प्रभारियों और कर्मचारियों से संवाद किया और कहा कि भाजपा का कार्यालय संगठन की आत्मा है, जहां देशभर के कार्यकर्ता विश्वास और उम्मीद के साथ आते हैं।
सोमवार को पदभार ग्रहण करने के दौरान पार्टी के शीर्ष नेताओं ने कहा था कि नितिन नवीन की संगठनात्मक क्षमता पार्टी को जनसेवा और राष्ट्रनिर्माण की यात्रा में नई दिशा देगी।