नई दिल्ली: पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के 79 वर्ष पूरे होने पर मंगलवार को देशभर से शुभकामनाओं का तांता लग गया है। कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने मंगलवार को अपना 79वां जन्मदिन मनाया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सोनिया गांधी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और उनके अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। उन्होंने X पर लिखा, 'सोनिया गांधी जी को जन्मदिन की शुभकामनाएं। ईश्वर उन्हें लंबी आयु और अच्छा स्वास्थ्य प्रदान करें।’
कांग्रेस ने कहा कि उनके दूरदर्शी नेतृत्व ने न केवल पार्टी का मार्गदर्शन किया, बल्कि मनरेगा और राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम जैसे ऐतिहासिक अधिकार-आधारित कानूनों के माध्यम से भारत को एक नई दिशा दी। कांग्रेस की सबसे लंबे समय तक अध्यक्ष रहीं सोनिया गांधी पिछले कुछ वर्षों से स्वास्थ्य कारणों से सक्रिय राजनीति से कुछ दूरी बनाए हुए हैं, जबकि उनके पुत्र राहुल गांधी और पुत्री प्रियंका गांधी वाड्रा पार्टी की प्रमुख जिम्मेदारियां निभा रहे हैं। कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष होने के अलावा वे राज्यसभा की सदस्य भी हैं।कांग्रेस ने X पर सोनि गांधी के एक कथन को साझा किया: 'हम साथ मिलकर किसी भी चुनौती का सामना कर सकते हैं, चाहे वह महासागर जितनी गहरी हो या आसमान जितनी ऊंची।’ कांग्रेस ने कहा कि यह कथन उनके सार्वजनिक और निजी जीवन में मौजूद गरिमा, शक्ति और शालीनता को पूरी तरह दर्शाता है।’
पार्टी ने कहा कि वे अटूट ईमानदारी, करुणा और साहस के साथ जीवन जीती हैं। कांग्रेस ने लिखा, 'उनके दूरदर्शी नेतृत्व ने केवल कांग्रेस का मार्गदर्शन नहीं किया, बल्कि मनरेगा, शिक्षा का अधिकार, सूचना का अधिकार और राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम जैसे ऐतिहासिक कानूनों के माध्यम से भारत को बदल दिया। इनसे करोड़ों लोगों को रोजगार, आशा, शिक्षा, आवाज़ और सम्मान मिला।महिलाओं के सशक्तीकरण, सामाजिक न्याय और समावेशी विकास के प्रति सोनिया गांधी की आजीवन प्रतिबद्धता देशभर में लाखों लोगों को प्रेरित करती रहती है। पार्टी ने जोड़ा, 'उनकी दृढ़ता और समर्पण हर दिन हमें प्रेरित करते हैं।'
कई कांग्रेस नेताओं ने सोनिया गांधी को शुभकामनाएं दीं और उनके नेतृत्व की सराहना की। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने उनकी लंबी और स्वस्थ आयु की कामना करते हुए कहा कि सोनिया गांधी ने हमेशा वंचितों के अधिकारों की आवाज़ बुलंद की है और हर चुनौती का सामना साहस, त्याग और निष्ठा के साथ किया है। एआईसीसी महासचिव केसी वेणुगोपाल ने सोनिया गांधी को कांग्रेस की मार्गदर्शक रोशनी बताया।
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके. स्टालिन ने X पर लिखा:'कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी को जन्मदिन की शुभकामनाएं। उनका जीवन त्याग, निस्वार्थ सार्वजनिक सेवा और धर्मनिरपेक्षता एवं संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के प्रति दृढ़ प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उनकी प्रेरक दिशा प्रगतिशील और समावेशी भारत के लिए हमारी सामूहिक कोशिशों को मजबूती देती रहे।’