सिंगापुरः सिंगापुर में घूमने गए दो भारतीय पर्यटकों द्वारा यौनकर्मियों के साथ लूटपाट की घटना सुर्खियों में है। मामले में शुक्रवार को भारत के दो पर्यटकों को पांच साल एक महीने की जेल और 12 बार बेंत मारने की सजा वहां की अदालत ने सुनाई है।
दोषियों में अरोक्कियासामी डेइसन (23) और राजेंद्रन मयिलारासन (27) शामिल हैं। वे पिछले 24 अप्रैल को छुट्टियां बिताने सिंगापुर गए थे। 26 अप्रैल को वे स्थानीय इलाके में घूम रहे थे। तब एक स्थानीय व्यक्ति ने उन दोनों पर्यटकों को यौनकर्मियों की सेवाएं दिलाने का प्रस्ताव दिया। उस पर दोनों ने सहमति दी तो उस व्यक्ति ने इन दोनों को यौनकर्मियों के फोन नंबर दिए।
सूत्रों की खबर है कि अरोक्कियासामी और राजेंद्रन ने यौनकर्मियों को लूटने की योजना बनाई। सिंगापुर के होटल में उन्होंने एक यौनकर्मी को शाम 6 बजे के करीब बुलाया। उस युवती के वहां पहुंचते ही दोनों ने उसके हाथ-पैर बांधकर उसके सारे गहने और नकद पैसे लूट लिए। उसका बैंक कार्ड भी छीन लिया।
उन भारतीय युवकों ने उसी रात 11 बजे के करीब एक अन्य यौनकर्मी को होटल में बुलाया। उसके होटल के कमरे में पहुंचते ही उसे भी लूट लिया गया। उन दो महिला यौनकर्मियों ने घटना की स्थानीय पुलिस से शिकायत की थी। उनकी शिकायत के आधार अरोक्कियासामी और राजेंद्रन को गिरफ्तार किया गया था।
अदालत में दोनों ने अपनी सजा कम करने की अर्जी दी। उनमें से अरोक्कियासामी डेइसन का कहना था कि उनके पिता पिछले साल गुजर गए। उनकी तीन बहनें हैं, जिनमें से एक विवाहित है। उनके पास कोई पैसा न होने के कारण यह काम किया। वहीं, राजेंद्रन ने दावा किया कि उनकी पत्नी और बच्चा भारत में हैं। वे आर्थिक संकट में हैं। सिंगापुर की अदालत ने उन्हें जेल के साथ-साथ 12 बार बेंत मारने का आदेश दिया है।