🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

प्रधानमंत्री मोदी को ओमान के सुल्तान ने ‘ऑर्डर ऑफ ओमान’ से सम्मानित किया

इससे पहले इथियोपिया यात्रा के दौरान उन्हें वहां का सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ग्रेट ऑनर निशान ऑफ इथियोपिया’ प्रदान किया गया था। मोदी अब तक 29 विदेशी देशों के सर्वोच्च राजकीय सम्मानों से सम्मानित हो चुके हैं।

By डॉ. अभिज्ञात

Dec 18, 2025 18:15 IST

मस्कट (ओमान) : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गुरुवार को ओमान के सुल्तान हैथम बिन तारिक अल सईद ने देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ऑर्डर ऑफ ओमान’ से सम्मानित किया। मोदी ओमान की दो देशों की यात्रा पर हैं। इससे पहले, इथियोपिया यात्रा के दौरान उन्हें वहां का सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ग्रेट ऑनर निशान ऑफ इथियोपिया’ प्रदान किया गया था।

मोदी अब तक 29 विदेशी देशों के सर्वोच्च राजकीय सम्मानों से सम्मानित हो चुके हैं। यह ओमान उनकी तीन देशों की यात्रा का तीसरा चरण है। वे जॉर्डन और इथियोपिया का दौरा करने के बाद ओमान पहुंचे।

ओमान की यह यात्रा भारत और ओमान के बीच कूटनीतिक संबंधों की स्थापना की 70वीं वर्षगांठ के अवसर पर हो रही है। अपने दौरे के दौरान मोदी ने मस्कट में आयोजित भारत–ओमान बिज़नेस फोरम को संबोधित किया। इस फोरम में ऊर्जा, कृषि, लॉजिस्टिक्स, बुनियादी ढांचा, विनिर्माण, स्वास्थ्य, वित्तीय सेवाएं, हरित विकास, शिक्षा और कनेक्टिविटी जैसे क्षेत्रों से जुड़े दोनों देशों के प्रमुख उद्योग प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

सभा को संबोधित करते हुए मोदी ने मांडवी से मस्कट तक सदियों पुराने समुद्री व्यापारिक संबंधों का उल्लेख किया और कहा कि आज यही रिश्ते दोनों देशों के बीच जीवंत वाणिज्यिक सहयोग की मजबूत नींव हैं। 70 वर्षों के कूटनीतिक संबंध सदियों से बने आपसी विश्वास और मित्रता का प्रतीक हैं। प्रधानमंत्री ने व्यापार जगत के नेताओं से भारत–ओमान समग्र आर्थिक भागीदारी समझौते (CEPA) की पूरी क्षमता को साकार करने का आह्वान किया, जिसे उन्होंने दोनों देशों के साझा भविष्य का खाका बताया। उन्होंने बताया कि वैश्विक अनिश्चितता के बावजूद पिछले तिमाही में 8 प्रतिशत से अधिक की विकास दर भारत की मजबूती और अंतर्निहित शक्ति को दर्शाती है। भारत तेज़ी और व्यापक स्तर पर विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचा, लॉजिस्टिक्स, कनेक्टिविटी, भरोसेमंद सप्लाई चेन, विनिर्माण क्षमता और हरित विकास पर काम कर रहा है, ताकि ‘जीवन में सुगमता’ और ‘व्यवसाय करने में सुगमता’ को बढ़ावा दिया जा सके। उन्होंने ओमानी कंपनियों से ऊर्जा, तेल और गैस, पेट्रोकेमिकल्स और उर्वरकों जैसे पारंपरिक क्षेत्रों से आगे बढ़कर हरित ऊर्जा, सोलर पार्क, ऊर्जा भंडारण, स्मार्ट ग्रिड, एग्री-टेक, फिनटेक, AI और साइबर सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में अवसर तलाशने का आग्रह किया।

मोदी ने भारत-ओमान कृषि नवाचार हब और भारत-ओमान इनोवेशन ब्रिज की स्थापना का प्रस्ताव रखा, ताकि व्यापारिक साझेदारी को भविष्य के लिए तैयार किया जा सके।

प्रधानमंत्री मोदी ने मस्कट में भारतीय समुदाय की एक विशाल सभा को भी संबोधित किया। इस कार्यक्रम में विभिन्न भारतीय विद्यालयों के 700 से अधिक छात्र शामिल थे। यह वर्ष ओमान में भारतीय स्कूलों के लिए विशेष महत्व रखता है क्योंकि वे देश में अपनी स्थापना के 50 वर्ष पूरे होने का उत्सव मना रहे हैं। सभा को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि विविधता भारतीय संस्कृति की नींव है, जो भारतीयों को किसी भी समाज में आसानी से घुलने-मिलने में मदद करती है। सह-अस्तित्व और सहयोग भारतीय प्रवासी समुदाय की पहचान रही है।

Prev Article
राहुल गांधी जर्मनी दौरे पर, यहां वे कांग्रेस नेताओं के साथ एनआरआई मुद्दों व पार्टी की वैश्विक रणनीति पर चर्चा करेंगे
Next Article
यूनुस के बांग्लादेश में मीडिया कार्यालयों को जलाया गया, शुक्रवार को ‘प्रथम आलो’ और ‘द डेली स्टार’ प्रकाशित नहीं होंगे

Articles you may like: