ढाका : बांग्लादेश में 18 महीने की अंतरिम सरकार का अध्याय समाप्त होने वाला है। तारिक रहमान के नेतृत्व वाली बीएनपी सरकार को सत्ता सौंपने से पहले, सोमवार को राष्ट्र के नाम विदाई भाषण में मुख्य सलाहकार मुहम्मद यूनुस ने अपने इस्तीफे की घोषणा की।
अपने संबोधन में उन्होंने देशवासियों से साफ कहा कि पिछले 18 महीनों में देश में लोकतंत्र, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और सत्ता से सवाल करने की जो परंपरा शुरू हुई है वह किसी भी हाल में खत्म नहीं होनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार ने शून्य से नहीं बल्कि पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की सरकार द्वारा छोड़ी गई भ्रष्टाचार की “माइनस” स्थिति से एक तरह के मलबे को साफ करते हुए काम शुरू किया था।
‘जुलाई जनआंदोलन’ में शहीदों के बलिदान को याद करते हुए भावुक यूनुस ने बताया कि पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के आधिकारिक आवास ‘गणभवन’ को ‘राष्ट्रीय जुलाई स्मृति संग्रहालय’ के रूप में स्थापित किया जा रहा है। उन्होंने देशवासियों से परिवार सहित इस संग्रहालय को देखने आने की अपील की। उनका कहना था कि यह पहल इसलिए की गई है ताकि इतिहास में दर्ज रहे कि सत्ता किस तरह इंसान को अमानवीय बना सकती है।
विदाई संदेश में यूनुस ने आह्वान किया कि देश को सस्ते श्रम पर निर्भर अर्थव्यवस्था से आगे बढ़ाकर कौशल और तकनीक आधारित अर्थव्यवस्था बनाना होगा। इसके लिए शिक्षा, प्रशिक्षण और ईमानदारी बेहद जरूरी है। नया बांग्लादेश बनाने की जिम्मेदारी अब हम सभी की है इसी उम्मीद के साथ उन्होंने विदा ली।