जकार्ता में नमाज़ के दौरान मस्जिद में भीषण विस्फोट, कम से कम 54 घायल

इंडोनेशिया की राजधानी में मची अफरातफरी, घायलों में अधिकांश बच्चे, कई की हालत गंभीर

By एलिना दत्त, Posted by: श्वेता सिंह

Nov 07, 2025 21:15 IST

इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता में शुक्रवार की नमाज़ के दौरान एक मस्जिद में हुए भयानक विस्फोट से अफरातफरी मच गई। घटना में कम से कम 54 लोग घायल हुए हैं।

रिपोर्ट्स के अनुसार, यह हादसा नॉर्थ जकार्ता के केलापा गेडिंग इलाके में हुआ। यह मस्जिद नौसेना के एक परिसर के अंदर स्थित है। स्थानीय समय दोपहर करीब 12:30 बजे जब लोग जुमे की नमाज़ अदा कर रहे थे, तभी अचानक एक तेज धमाका हुआ, जिससे मस्जिद और आस-पास का पूरा इलाका हिल गया।

विस्फोट के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। जांच अधिकारी पूरे घटनास्थल की बारीकी से जांच कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि धमाके से मस्जिद की संरचना को भारी नुकसान पहुँचा है। फॉरेंसिक टीम ने नमूने एकत्र कर लिए हैं और जांच जारी है।

धमाके की सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गईं। सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में ज्यादातर बच्चे हैं। जकार्ता पुलिस प्रमुख आसेप एडी सुहेरी ने बताया कि घायलों के शरीर पर जलने के निशान हैं और कई की हालत नाजुक बनी हुई है।

विस्फोट की वजह से मस्जिद की सभी कांच की खिड़कियां और दरवाजे चकनाचूर हो गए, जिससे कई लोग टूटे कांच की चपेट में आ गए।

पुलिस ने घटनास्थल के पास से कई खिलौना पिस्तौलें भी बरामद की हैं। यह कोई आतंकी हमला था या दुर्घटना, इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस प्रमुख ने कहा है कि जांच पूरी होने से पहले किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा जा सकता।

Prev Article
पाकिस्तान का परमाणु लक्ष्य केवल भारत से मुकाबला नहीं, वह 'इस्लामी बम' बनाना चाहता थाः पूर्व सीआईए अधिकारी
Next Article
पाकिस्तान की न्यायव्यवस्था में 'गंभीर संकट', सुप्रीम कोर्ट के 2 न्यायाधीशों ने इस्तीफा दिया।

Articles you may like: