पापुआः भूकंप से कांप उठा इंडोनेशिया। सूत्रों की खबर के अनुसार, गुरुवार को इंडोनेशिया के पापुआ में शक्तिशाली भूकंप महसूस किया गया। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 6.7 थी। हालांकि अब तक किसी के हताहत की खबर नहीं मिली है। यूनाइटेड स्टेट्स जियोलॉजिकल सर्वे (USGS) ने भूकंप की जानकारी दी है।
जानकारी के अनुसार, भूकंप का केंद्र पापुआ के आबेपुरा शहर से लगभग 200 किलोमीटर दूर था। आबेपुरा एक घनी आबादी वाला शहर है, जहां 62 हजार से अधिक लोग रहते हैं। भूकंप का उद्गम स्थल धरती की सतह से 70 किलोमीटर की गहराई में था।
शक्तिशाली कंपन के बावजूद, पैसिफिक सुनामी वार्निंग सेंटर (Pacific Tsunami Warning Center) की ओर से कोई सुनामी चेतावनी जारी नहीं की गई है। हालांकि अब तक कितना नुकसान हुआ है यह जानकारी नहीं मिली है। अधिकारी वर्तमान में पूरी स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। इंडोनेशिया प्रशांत महासागरीय 'रिंग ऑफ फायर' नाम से प्रसिद्ध भूकंप-प्रवण क्षेत्र में स्थित है, इसलिए वहां अक्सर शक्तिशाली भूकंप महसूस किए जाते हैं।