सैक्रामेंटो:भारतीय मूल के वरुण सुरेश परबच्चों के यौन शोषण के अभियुक्त डेविड ब्रिमर को चाकू से मारकर हत्या करने का आरोप लगा है। मंगलवार को अमेरिका के कैलिफोर्निया में यह घटना हुई। सुरेश को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस से पूछताछ में उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली है। ऐसा दावा किया गया है कि सुरेश को हत्या का कोई पछतावा नहीं है। उसने कहा, 'मजा आया।'
कैलिफोर्निया पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक डेविड ब्रिमर की उम्र 71 साल थी। उस पर बच्चों के यौन शोषण के कई आरोप थे। सुरेश ने Megan's Law पब्लिक डेटाबेस से उसका पता हासिल किया और ब्रिमर के घर पहुंच गया। आरोप है कि सुरेश ने पहले उसे गलती स्वीकार करने के लिए दबाव डाला। लेकिन ब्रिमर के मना करने पर उसकी पीठ में चाकू मार दिया
गंभीर रूप से घायल बिमर ने भागने की कोशिश की लेकिन सुरेश ने उसका पीछा नहीं छोड़ा। जब बिमर भागकर एक गाड़ी में चढ़ने की कोशिश लगा तो उसे सुरेश ने पकड़कर जमीन पर गिरा दिया और चाकू से उसका गला काट दिया। सरेआम ऐसी घटना घटती देख ब्रिमर के पड़ोसियों ने पुलिस को खबर दी। घटनास्थल से सुरेश को गिरफ्तार कर लिया गया लेकिन ब्रिमर को बचाया नहीं जा सका।
सुरेश फ्रीमॉन्ट का रहने वाला है। पूछताछ में जांचकर्ताओं को उसने बताया कि यौन शोषण के अभियुक्तों को सजा देना उसका कर्तव्य है। उसे आशा है कि इस काम के लिए सभी उसका समर्थन करेंगे। उसने पुलिस को उबताया, 'बहुत दिनों से हत्या करना चाहता था। ये लोग बच्चों को नुकसान पहुंचाते हैं। ये मौत के लायक हैं।'
इससे पहले भी सुरेश पर कई आरोप लगे हैं। चोरी के आरोप में सुरेश को एक बार पुलिस ने गिरफ्तार भी किया था। भारतीय मूल के इस युवक पर फर्जी बम हमले की धमकी देने का भी आरोप है।