वाशिंगटनःअमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प नोबेल शांति पुरस्कार को लेकर बेहद आशावादी हैं। हालांकि नोबेल कमिटी के पुराने फैसले को लेकर उनकी बातचीत में निराशा झलक रही है।2025 के नोबेल शांति पुरस्कार विजेता के नाम की घोषणा से महज कुछ घंटे पहले ही फिर ट्म्प के निशाने पर पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा आ गये।
नोबेल शांति पुरस्कार को लेकर व्यंग्यात्मक लहजा अपनाते हुए ट्रम्प ने कहा कि ओमाबा ने कुछ भी नहीं करके और उल्टे अमेरिका को बर्बाद करने जैसे कदम उठाने के लिए शांति पुरस्कार पाया। पत्रकारों से बात करते समय वर्तमान अमेरिकी राष्ट्रपति ने दावा किया कि ओबामा बिल्कुल अच्छे राष्ट्रपति नहीं थे।
स्वयं को शांति पुरस्कार के लिए उम्मीदवार के रूप में पेश करते हुए ट्रम्प ने कहा, 'मैंने आठ युद्ध बंद किए हैं, इससे पहले कभी ऐसा नहीं हुआ लेकिन उन्हें (नोबेल कमिटी) को जो करना है, वही करेगी। वे जो करते हैं, वो सही है। हालांकि मैंने कुछ जीतने के लिए कुछ नहीं किया। लोगों की जान बचाने के लिए ही यह कदम उठाया। लेकिन ओमाबा ने बिना कोई मेहनत किए राष्ट्रपति पद पर बैठते ही नोबेल शांति पुरस्कार जीत लिया था।'
उन्होंने बात यहीं खत्म नहीं की। ओबामा पर व्यंग्य करते हुए उन्होंने कहा 'दरअसल उन्होंने कुछ भी नहीं करने के लिए यह पाया। ओबामा को पता भी नहीं है कि वे क्यों चुने गए थे। हमारे देश को बर्बाद करने के अलावा बिल्कुल कुछ भी नहीं करने के लिए उन्हें यह पुरस्कार दिया गया था।'
उल्लेखनीय है कि बराक ओबामा को 2009 में नोबेल शांति पुरस्कार मिला था। राष्ट्रपति की कुर्सी पर बैठने के महज आठ महीने के भीतर ही उन्हें नोबेल पुरस्कार दिया गया। कमिटी की तरफ से कहा गया था, 'अंतरराष्ट्रीय और जनता के बीच सहयोग मजबूत करने के असाधारण प्रयास' के कारण बराक ओमाबा को नोबेल शांति पुरस्कार से सम्मानित किया जाता है।