पटनाः बिहार विधानसभा चुनाव की गहमागहमी के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को अपने 12 प्रत्याशियों की दूसरी सूची जारी कर दी है। इस सूची में सबसे खास नाम लोकगायिका मैथिली ठाकुर का है, जिन्हें दरभंगा जिले की अलीनगर सीट से टिकट दिया गया है।
मालूम हो कि भाजपा में कुछ दिनों पहले ही शामिल हुईं मैथिली ठाकुर को हालांकि उनकी पसंदीदा बेनीपुर विधानसभा क्षेत्र की सीट नहीं मिली है। वह सीट मौजूदा विधायक विनोद नारायण झा की थी यह उन्हें ही दे दी गयी। सो मैथिली को अलीनगर सीट दी गयी। भाजपा कार्यकर्ता मैथिली की पैराशूट एंट्री के विरोध में हैं, ऐसे में उनकी जीत को लेकर पहले ही संशय का माहौल है। मैथिली के गीतों के प्रशंसकों को उनका राजनीति में प्रवेश जंच नहीं रहा है और कलाकारों को लगता है कि मैथिली के हित में नहीं है। मिथिलांचल के भाजपा कार्यकर्ता उनके समर्थन में हैं। पार्टी कलाकारों की लोकप्रियता को भजाना चाहता थी।
भाजपा ने भोजपुरी गायक और अभिनेता पवन सिंह के प्रति भी रुझान दिखाया था किन्तु उनकी पत्नी के साथ जारी उनके विवाद ने इस मंसूबे पर पानी फेर दिया। मैथिली के सोशल मीडिया फालोअर्स उनके मतदाता भी बनेंगे कि नहीं इस पर यकीन के साथ कुछ नहीं कहा जा सकता। पूर्व आईपीएस अधिकारी आनंद मिश्रा बक्सर सीट से चुनाव लड़ेंगे। मालूम हो कि आनंद मिश्रा पहले प्रशांत किशोर की ‘जन सुराज’ पार्टी से जुड़े हुए थे और वहां युवा इकाई के अध्यक्ष रहे थे।
इस नयी सूची के साथ ही पार्टी अब तक 101 में से 83 सीटों पर अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर चुकी है। ये सीटें एनडीए गठबंधन में भाजपा को अंतिम सीट बंटवारे के तहत मिली हैं।
अन्य प्रत्याशियों में रामचंद्र प्रसाद को हायाघाट सीट से, रंजन कुमार को मुजफ्फरपुर सीट से, सुभाष सिंह गोपालगंज से, केदारनाथ सिंह बनियापुर सीट से, छोटी कुमारी छपरा से,वीरेन्द्र कुमार रोसड़ा सीट से, विनय कुमार सिंह सोनपुर सीट से, सियाराम सिंह बाढ़ से, महेश पासवान अगिआंव सीट और राकेश ओझा को शाहपुर सीट से टिकट दिया गया है। इससे पूर्व मंगलवार को भाजपा ने 71 प्रत्याशियों की पहली सूची जारी की थी। उस सूची में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को तरापुर और विजय सिन्हा को लखीसराय से पूर्व उपमुख्यमंत्री रेणु देवी को बेतिया और तारकिशोर प्रसाद को कटिहार सीट से टिकट मिला है।
पहले राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव के करीबी रह चुके पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता रामकृपाल यादव को दानापुर विधानसभा सीट से प्रत्याशी बनाया गया है। विधानसभा अध्यक्ष नंद किशोर यादव को इस बार टिकट नहीं मिला है। उनकी पारंपरिक सीट पटना साहिब रत्नेश कुशवाहा को दे दी गयी। एक असामान्य कदम उठाते हुए कुम्हरार विधानसभा सीट से लगातार 15 वर्षों से विधायक रहे अरुण कुमार सिन्हा की जगह संजय गुप्ता को मैदान में उतारा गया है। भाजपा की पहली सूची में 9 महिला प्रत्याशियों को शामिल किया गया है जिनमें रेणु देवी (बेतिया), गायत्री देवी (परिहार), देवन्ती यादव (नरपतगंज), स्वीटी सिंह (किशनगंज), निशा सिंह (प्राणपुर), कविता देवी (कोढ़ा-अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित), रमा निषाद (औराई) शामिल हैं।
इसके अलावा भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति ने कुछ और प्रमुख नेताओं को भी टिकट दिया है जिनमें मंगल पांडे (सीवान), नितिन नवीन (बैंकिपुर), प्रेम कुमार (गया टाउन), श्रेयसी सिंह (जमुई) शामिल हैं। उधर, आज ही एनडीए की सहयोगी पार्टी जनता दल (यूनाइटेड) ने भी अपनी पहली सूची जारी करते हुए 57 प्रत्याशियों की घोषणा की है। मालूम हो कि जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार हैं।
गौरतलब है कि सत्तारूढ़ एनडीए में सीट बंटवारे के तय फॉर्मूले के अनुसार भाजपा और जदयू 101-101 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास गुट) को 29 सीटें और राष्ट्रीय लोक मोर्चा और हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा को 6-6 सीटें मिली हैं। मालूम हो कि बिहार विधानसभा की कुल 243 सीटों के लिए दो चरणों में मतदान होना है। पहला चरण 6 नवंबर और दूसरा चरण 11 नवंबर को संपन्न होगा। मतगणना 14 नवंबर को की जाएगी।