🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

राज्यसभा के लिए नामांकन पत्र दाखिल कर पांचों उम्मीदवारों ने क्या कहा? राजीव कुमार की बात कर देंगी हैरान!

पश्चिम बंगाल से जिन उम्मीदवारों को राज्यसभा के सांसद पद के लिए चुना गया है, उनमें सबसे चौंकाने वाला नाम राजीव कुमार का रहा है।

By Moumita Bhattacharya

Mar 05, 2026 16:11 IST

पश्चिम बंगाल से राज्यसभा (Rajya Sabha) के 5 उम्मीदवारों ने अपना नामांकन भरा है। गुरुवार को विधानसभा में पहुंचकर तृणमूल के सभी मनोनीत उम्मीदवारों राजीव कुमार (Rajiv Kumar), कोयल मल्लिक (Koyel Mallick), बाबुल सुप्रीयो (Babul Supriyo) और मेनका गुरुस्वामी (Menaka Guruswamy) के साथ ही भाजपा के उम्मीदवार राहुल सिन्हा (Rahul Sinha) ने अपना पर्चा भर दिया।

पश्चिम बंगाल से जिन उम्मीदवारों को राज्यसभा के सांसद पद के लिए चुना गया है, उनमें सबसे चौंकाने वाला नाम राजीव कुमार का रहा है। राज्य के तेज-तर्रार IPS अधिकारी रह चुके राजीव कुमार ने जनवरी के अंतिम सप्ताह में ही रिटायरमेंट लिया था। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) के करीबी रहे राजीव कुमार को अब तृणमूल कांग्रेस राज्यसभा में भेज रही है।

चलिए जान लेते हैं राज्यसभा के सांसद पद के लिए पर्चा भरकर सभी उम्मीदवारों ने क्या कहा?

निर्धारित समय से पहले पहुंचे राजीव कुमार

अपना नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद राजीव कुमार ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि मेरा मानना है कि ईश्वर मुझे ऐसी कोई जिम्मेदारी नहीं सौंपेगा जिसे मैं पूरा नहीं कर सकूंगा। 'I trust God will not give any responsibility which I cannot handle I just wish he didn’t trust so much.'

राजीव कुमार पिछले लंबे समय से कानून-व्यवस्था से जुड़े रहने और कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक पदों को संभाल चुके हैं। उनके पेशे में समय और अनुशासन का बहुत ज्यादा महत्व माना जाता है। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार विधानसभा में राजीव कुमार से सुबह 11 बजे पहुंचने के लिए कहा गया था।

लेकिन पुरानी आदत होने की वजह से राजीव कुमार निर्धारित समय से कुछ देर पहले ही वहां पहुंच गए। सुबह 10.45 बजे विधानसभा में राजीव कुमार अन्य सभी उम्मीदवारों से पहले पहुंचे थे। जिस समय राजीव कुमार विधानसभा में पहुंचे, तब वहां लोगों की भीड़ न के बराबर थी। बाद में धीरे-धीरे लोगों ने भीड़ जमाना शुरू किया।

कोयल मल्लिक ने पहली बार विधानसभा में रखा कदम

टॉलीवुड स्टार कोयल मल्लिक ने भी तृणमूल कांग्रेस की ओर से राज्यसभा के लिए अपना नामांकन दाखिल किया। अपना नामांकन पेश करने के बाद कोयल ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि यह एक बहुत ही बड़ी जिम्मेदारी है। सबका आर्शिवाद और प्यार बना रहे। लोगों के काम और देश की सेवा में सफल हो सकूं। इससे ज्यादा कोई महान काम नहीं हो सकता।

मेनका गुरुस्वामी ने रचा इतिहास

सुप्रीम कोर्ट की प्रसिद्ध वकील मेनका गुरुस्वामी ने राज्यसभा के लिए अपना नामांकन दाखिल किया। अगर वह राज्यसभा की सांसद चयनित होती हैं तो इतिहास रचा जाएगा। वह देश की पहली LGBTQ कम्यूनिटी की सांसद होंगी। अपना नामांकन दाखिल करने के बाद मेनका गुरुस्वामी ने राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी व तृणमूल को धन्यवाद देते हुए कहा कि यह बहुत बड़ा सम्मान है।

एक वकील, एक कॉन्स्टिट्यूशनल लॉयर होने के तौर पर मैं कृतज्ञ हूं कि मुझे संसद के ऊपरी सदन में काम करने का मौका मिलेगा। यह बहुत महत्वपूर्ण है। साथ ही उन्होंने कहा कि संसद हो या अदालत, मैं संविधान का पालन करते हुए काम करने के पक्ष में हूं।

बाबुल सुप्रीयो ने भरा नामांकन

राज्यसभा के लिए आज (गुरुवार) को बाबुल सुप्रीयो ने अपना नामांकन दाखिल किया। इसके बाद मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि लोगों के काम करना ही उनके जीवन की प्राथमिकता है।

मनोनीत सदस्य बनेंगे राहुल सिन्हा

वर्ष 1998 से लोकसभा और विधानसभा चुनाव में अपनी दावेदारी तो हर बार उन्होंने पेश की है लेकिन हर बार उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। आखिरकार बतौर मनोनीत सदस्य राहुल सिन्हा इस बार राज्यसभा सांसद बनने जा रहे हैं। अपना नामांकन पत्र भरने के बाद राहुल सिन्हा ने कहा कि बहुत अच्छा लग रहा है। नामांकन पत्र भरने का मौका प्रदान करने के लिए मैं पार्टी का शुक्रगुजार हूं। इस मौके का मैं पूरी तरह से फायदा उठाऊंगा। बंगाल के लोगों की बातों को मैं राज्यसभा में सबके सामने रखूंगा।

बता दें, 16 मार्च को राज्यसभा में चुनाव होने वाले हैं। हालांकि संख्या के आधार पर अलग से वोट होने की कोई संभावना नहीं है। इसलिए यह माना जा सकता है कि पश्चिम बंगाल विधानसभा में अपना नामांकन भरने वाले पांचों उम्मीदवार इस बार राज्यसभा में जा रहे हैं।

Prev Article
राज्यसभा के लिए आज नामांकन भर रहे हैं पांचों उम्मीदवार, टिकट मिलने पर राहुल सिन्हा ने क्या कहा?

Articles you may like: