दिसंबर का महीना शुरू होते ही आखिरकार सर्दियों ने पूरी तरह से महानगर कोलकाता को अपने आगोश में ले लिया है। कोलकाता का न्यूनतम तापमान 14.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 2.1 डिग्री सेल्सियस कम है। तापमान के दृष्टिकोण से यह कोलकाता की सबसे सर्द सुबह रही। इससे पहले साल 2020 में 17 दिसंबर तो कोलकाता का न्यूनतम तापमान 11.2 डिग्री पर पहुंचा था। सिर्फ 2020 ही नहीं बल्कि 20 दिसंबर 2021 को भी महानगर का न्यूनतम तापमान 11.2 डिग्री सेल्सियस पर आ गया था।
क्या कहना है मौसम विभाग का?
अलीपुर मौसम विभाग सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार फिलहाल बंगाल की खाड़ी पर कोई सिस्टम नहीं है। इस वजह से उत्तरी हवा को प्रवेश करने में कोई बाधा नहीं मिल रही है। अगले 7 दिनों तक दक्षिण बंगाल का मौसम शुष्क बने रहने की संभावना ही मौसम विभाग ने जतायी है।
इस कारण दिन और रात दोनों समय के तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। रविवार को राज्य भर में सर्दी का अनुभव होगा। शुक्रवार को कोलकाता का अधिकतम तापमान 26.7 डिग्री सेल्सियस था जो सामान्य से 1.4 डिग्री सेल्सियस कम था। वहीं शनिवार को हवा में जलवाष्प की अधिकतम मात्रा 83 प्रतिशत और न्यूनतम मात्रा 40 प्रतिशत दर्ज हुई।
दक्षिण बंगाल के सभी जिलों में फिलहाल तापमान कम ही रहने की संभावना जतायी जा रही है। अधिकांश जिलों में दिन के समय का तापमान सामान्य से नीचे ही रहा। मौसम विभाग का कहना है कि रविवार को दक्षिण बंगाल के कई जिलों में तापमान में काफी गिरावट हो सकती है। अगले 5 दिनों तक मुख्य रूप से दक्षिण बंगाल का मौसम शुष्क बना रहेगा।
बताया जाता है कि कुछ ऐसा ही मौसम उत्तर बंगाल में भी होगा। सुबह और शाम के वक्त सर्दी का अनुभव होगा लेकिन दिन में मौसम थोड़ा गर्म ही रहेगा। भोर में धुंध छाए रहने की संभावना जतायी जा रही है लेकिन दिन चढ़ने के साथ ही दृश्यता के बढ़ने की संभावना भी है।