पिछले कुछ दिनों से कोलकाता में पड़ रही कड़ाके की ठंड से शुक्रवार को महानगरवासियों को थोड़ी राहत जरूर मिली लेकिन ठंड का प्रभाव कम होता अभी नजर नहीं आ रहा है। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार पिछले कुछ दिनों की तुलना में कोलकाता के न्यूनतम तापमान में थोड़ी वृद्धि जरूर दर्ज की गयी है।
इसके बावजूद अभी भी न्यूनतम तापमान सामान्य से लगभग 1.8 डिग्री सेल्सियस नीचे बताया जाता है। वहीं बात अगर अधिकतम तापमान की करें तो वह भी सामान्य की तुलना में लगभग 2.8 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज हुआ है।
कितना हुआ कोलकाता का तापमान?
अलीपुर मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार की सुबह कोलकाता का न्यूनतम तापमान 12.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं कोलकाता का अधिकतम तापमान 21.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बताया जाता है कि कोलकाता के तापमान में कोई खास परिवर्तन होने की संभावना नहीं है। तापमान 10 से 13 डिग्री सेल्सियस के आसपास ही बने रहने की संभावना जतायी गयी है। सुबह के समय हल्का कोहरा छाया रहेगा लेकिन दिन चढ़ने के साथ ही आसमान भी साफ हो जाएगा।
मिली जानकारी के अनुसार कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के कई जिलों में भोर और सुबह के समय ठंड पड़ेगी लेकिन दिन चढ़ने के साथ धीरे-धीरे ठंड का प्रभाव थोड़ा कम हो जाएगा। बताया जाता है कि दिन में कोहरा छंटेगा और धूप खिलने की संभावना है। हालांकि हुगली, उत्तर और दक्षिण 24 परगना, मुर्शिदाबाद और नदिया में पारा जितना ठंड दिखाएगा उसके मुकाबले ठंडक ज्यादा महसूस हो सकती है।
मौसम विभाग ने राज्य के कुल 11 जिलों में कोहरे की चेतावनी जारी की है। इनमें दक्षिण बंगाल के 7 जिलों और उत्तर बंगाल के 4 जिलों शामिल हैं।
उत्तर बंगाल में मौसम का हाल
अगले कुछ दिनों तक उत्तर बंगाल में कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना जतायी गयी है। कुचबिहार, उत्तर और दक्षिण दिनाजपुर में ठंड उल्लेखनीय रूप से घटेगी लेकिन दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, कुचबिहार, उत्तर दिनाजपुर में घना कोहरा छाए रहने की आशंका जतायी गयी है। इस वजह से दृश्यता भी घट जाएगी, इसलिए अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गयी है।
बात अगर देश के दूसरे हिस्सों की करें तो हिंद महासागर पर एक निम्न दबाव का क्षेत्र बन रहा है जो धीरे-धीरे दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी की ओर बढ़ रहा है। बंगाल पर इस निम्न दबाव के क्षेत्र का खास प्रभाव नहीं पड़ेगा लेकिन तमिलनाडु, पुडुचेरी में हल्की बारिश हो सकती है। वहीं दिल्ली, पंजाब, चंडीगढ़, हरियाणा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, झाड़खंड और राजस्थान में शीतलहर की चेतावनी जारी की गयी है।