कोलकाता में अवैध कॉल सेंटर चलाने के आरोप में पुलिस ने 8 लोगों को गिरफ्तार किया है। मिली जानकारी के अनुसार फर्जी कॉल से लोगों को प्रताड़ित किया जा रहा था। दर्ज शिकायत के आधार पर कोलकाता पुलिस की साइबर क्राइम थाना ने अभियान चलाया और महेशतला थाना क्षेत्र से 8 लोगों को गिरफ्तार किया है।
गुरुवार की रात को चलाए गए इस अभियान में कई लैपटॉप और मोबाइल फोन के अलावा अन्य कई सामग्रियों को बरामद किया गया है।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार जोतशिवरामपुर इलाके में एक घर से यह अवैध कॉल सेंटर चलाया जा रहा था। आरोप है कि खुद को माइक्रोसॉफ्ट का कर्मचारी बताकर मुख्य रूप से अमेरिकी नागरिकों को प्रताड़ित किया जाता था। पिछले साल नवंबर में दायर एक शिकायत के आधार पर एक व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार किया था।
गिरफ्तार व्यक्ति से पूछताछ की गयी जिसके आधार पर गुरुवार की देर रात को साइबर क्राइम थाना ने अभियान चलाया। रात करीब 3.40 बजे से 4 बजे के बीच चलाए अभियान में आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में एक की उम्र 18 वर्ष बतायी जाती है। गिरफ्तार आरोपी गार्डनरिच, एंटाली, बेनियापुकुर, तिलजला, न्यू मार्केट, करेया और हुगली के श्रीरामपुर इलाके के रहने वाले बताए जाते हैं।
साइबर पुलिस के इस अभियान में 5 लैपटॉप, 12 मोबाइल फोन और भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक डाटा बरामद किया गया है। इस बारे में पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार खुद को माइक्रोसॉफ्ट का कर्मचारी बताकर विभिन्न सोशल मीडिया और वेब प्लेटफार्म के माध्यम से उक्त आरोपी अमेरिकी नागरिकों से संपर्क करते थे।
विभिन्न प्रकार की तकनीकी सहायता देने का आश्वासन देकर ये प्रताड़क कम्प्यूटर सिस्टम में प्रवेश करते थे। कम्प्यूटर से इंटरनेट बैंकिंग से जुड़ी सभी जानकारियों को चुरा कर कई विदेशी बैंक अकाउंट में रुपयों को ट्रांसफर कर दिया जाता था। इस गिरोह में और कौन-कौन शामिल है इस बारे में पता करने के लिए पुलिस गिरफ्तार व्यक्तियों से पूछताछ कर रही है।